भोले के जयकारों से मंडल मुख्यालय में गूंजे शिवालय, मंदिरों में उमड़ी भीड़ में आस्था के आगे हर कोई दिखा नतमस्तक

संवाददाता : पंकज रावत, पौड़ी

मंडल मुख्यालय पौड़ी में महाशिवरात्रि पर्व पर शहरी तथा ग्रामीण इलाकों के शिवालय अहले सुबह से ही हर-हर महादेव के जयकारों से गुंजायमान रहे। शहर के ऐतिहासिक क्यूंकालेश्वर महादेव, कंडोलिया ठाकुर, लक्ष्मी नारायण मंदिर पुलिस लाइन स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर समेत गगवाडस्यूं घाटी के देवलेश्वर महादेव तथा कल्जीखाल विकासखंड के मुंडेश्वर महादेव में सुबह से ही शिव मंदिरों में भारी संख्या में आए श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर मनौतियां मांगी।

शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए। इस दौरान आस्था के सामने हर कोई नतमस्तक दिखा। श्रद्धालु जलाभिषेक कर मनोवांछित फल की कामना कर रहे थे। जिसमें महिलाएं भी बड़ी संख्या में जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए पहुंची रही। इस दौरान मंदिर परिसर के बाहर फूल, बेलपत्र, बेर आदि की दुकानें भी सजी रहीं। तो वहीं इस दौरान श्रद्धालुओं द्वारा मंदिरों में रुद्राभिषेक भी किया गया। गगवाडस्यूं के बलोड़ी मंदिर से पौड़ी के लक्ष्मी नारायण मंदिर में पहुंची महाकाल की शोभायात्रा में स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी भी शरीक हुए। महाकाल सेवा ट्रस्ट के द्वारा आयोजित शोभा यात्रा शहर की माल रोड से होते हुए आदि शिव मंदिर कोट महादेव पहुंचकर समाप्त हुई।

वहीं यमकेश्वर के नीलकंठ महादेव में दर्शनों को लेकर जन सैलाब उमडा रहा। हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात किया गया। इस दौरान एसएसपी श्वेता चौबे व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने के लिए स्वयं कमान संभाले दिखी। तो वहीं पुलिस के अधिकारियों समेत जवान भी समर्पित भाव से ड्यूटी करते हुए नजर आए।

Previous articleमहाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने मुस्तैदी से की ड्यूटी।
Next articleकांग्रेसियों ने कंडोलिया ठाकुर की चौखट में दी हाजिरी,भाजपा सरकार की बुद्धि शुद्धि की कामना को लेकर किया जलाभिषेक