ट्रेंचिंग ग्राउंड निर्माण को लेकर नगर पालिका पौड़ी को मिली पर्यावरणीय मंजूरी

संवाददाता : पंकज रावत, पौड़ी गढ़वाल

मंडल मुख्यालय पौड़ी में 1.007 हेक्टेयर भूमि पर पर्यावरण के अनुकूल ट्रेंचिंग ग्राउंड तैयार करने को लेकर नगर पालिका प्रशासन को पर्यावरणीय हरी झंडी मिल चुकी है। जिसके चलते कूड़ा निस्तारण की वर्षों से चली आ रही जद्दोजहद के खत्म होने के आसार दिखने लगे हैं। बताते चलें कि शहर में वर्ष 2002-3 तक सीएमओ कार्यालय के निकट कूड़ा डंपिंग जोन में खुले में शहर के कूड़े का निस्तारण किया जाता था। जिसके बाद स्थान बदलकर चोपड़ा गदेरे के समीप कूड़ा डंपिंग जोन में शहर का कूड़ा पालिका द्वारा फेंका जाने लगा। लेकिन स्थानीय लोगों को कूड़े की समस्या से निजात नहीं मिल पाई।

शहर की सुंदरता को ग्रहण लगा रहे कूड़े के निस्तारण तथा ट्रेंचिंग ग्राउंड निर्माण के लिये जनता द्वारा आंदोलन भी किए गए। बीते 4 वर्षों से पालिका प्रशासन द्वारा ट्रेंचिंग ग्राउंड निर्माण के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। लेकिन पर्यावरणीय मंजूरी न मिलने से निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया। पालिका अध्यक्ष यशपाल बेनाम ने जानकारी देते हुए बताया कि बीते 4 मार्च को स्टेट लेवल एनवायरमेंट इंपैक्ट एसेसमेंट अथॉरिटी की बैठक हुई। जिसमें स्टेट लेवल एक्सपर्ट अप्रेजल कमेटी ने नगरपालिका पौड़ी के ट्रेंचिंग ग्राउंड निर्माण को पर्यावरणीय मंजूरी दे दी।

पालिका अध्यक्ष यशपाल बेनाम ने बताया कि पर्यावरणीय मंजूरी के बाद अब मंडाखाल में ट्रेंचिंग ग्राउंड निर्माण का रास्ता साफ हो गया है कहा कि मांडाखाल में आधुनिक और वैज्ञानिक विधि से ट्रेंचिंग ग्राउंड निर्माण के लिए जल्द निविदा जारी की जाएगी। कहा की चार करोड़ 12 लाख की लागत के ट्रेंचिंग ग्राउंड को लेकर 2 करोड़ 50 लाख की धनराशि प्राप्त हो चुकी है। बताया कि निर्माण कार्य तकनीकी जानकारों की निगरानी में करवाया जाएगा। जिससे शहर की वर्षों से चली आ रही कूड़ा प्रबंधन की समस्या का निस्तारण तो होगा ही साथ-साथ पालिका की आय में भी बढ़ोतरी होगी।

Previous articleसीएमओ डॉ प्रवीण कुमार ने टेलीकेयर सेवा के मिनी कॉल सेंटर का किया शुभारंभ
Next articleकल्याणी सम्मान 2023 से दिल्ली में 12 मार्च को सम्मानित होंगी पौड़ी की सुप्रसिद्ध कवित्री डॉ ऋतु सिंह संस्कृति व साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने को लेकर मिला आमंत्रण