खटीमा:
उधम सिंह नगर जिले के खटीमा क्षेत्र में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां शादी से पहले ही दूल्हे को गैस सिलिंडरों की व्यवस्था के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। विवाह जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर ईंधन की कमी ने परिवार की चिंता बढ़ा दी है।
खटीमा के दियां गांव निवासी विजय की शादी आगामी 29 अप्रैल को निर्धारित है। शादी की तैयारियों के बीच सबसे बड़ी समस्या भोजन व्यवस्था के लिए गैस सिलिंडरों की कमी बनकर सामने आई है। इसको लेकर विजय ने स्थानीय तहसीलदार को पत्र लिखकर सात गैस सिलिंडर उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है।
विजय का कहना है कि शादी में आने वाले मेहमानों के लिए भोजन की समुचित व्यवस्था करना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। ऐसे में पर्याप्त गैस सिलिंडर होना बेहद जरूरी है, ताकि मेहमानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े आयोजनों के दौरान ईंधन की कमी की समस्या अक्सर सामने आती रही है। यह मामला भी उसी समस्या की ओर इशारा करता है, जहां संसाधनों की सीमित उपलब्धता के चलते आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
विवाह के सात फेरे लेने से पहले ही सात सिलिंडरों की चिंता में घिरे दूल्हे की समस्या को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। तहसीलदार ने संबंधित गैस एजेंसी को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि विवाह के अवसर पर आवश्यक संख्या में गैस सिलिंडर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि कार्यक्रम में किसी प्रकार की बाधा न आए।
प्रशासन के इस हस्तक्षेप से अब परिवार को राहत मिलने की उम्मीद है और शादी की तैयारियां फिर से पटरी पर लौटती नजर आ रही हैं।



