काशीपुर हाईवे पर देर रात फायरिंग से सनसनी, स्कॉर्पियो सवार कारोबारी समेत चार युवक बाल-बाल बचे

काशीपुर/बिलासपुर: काशीपुर हाईवे पर रविवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बाइक सवार बदमाशों ने एक स्कॉर्पियो सवार कारोबारी और उसके साथियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि इस हमले में सभी लोग बाल-बाल बच गए, हालांकि गोलियां वाहन में जाकर लगीं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।

जानकारी के अनुसार, मनिहार खेड़ा, बिलासपुर (रामपुर) निवासी विजय, जो “कार बाजार” नाम से पुराने वाहनों का कारोबार करते हैं, रविवार रात करीब 11:30 बजे अपने साथियों नजर अली, महेश और रवि के साथ किसी काम से रुद्रपुर के गावा चौक गए थे। काम निपटाने के बाद जब सभी स्कॉर्पियो से वापस लौट रहे थे, तभी फ्लाईओवर के पास पीछे से आए बाइक सवार तीन युवकों ने उनकी गाड़ी को निशाना बनाते हुए पिस्टल से फायरिंग कर दी।

अचानक हुई फायरिंग से घबराए विजय ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन की रफ्तार बढ़ाई और किसी तरह हमलावरों से बचते हुए सीधे आदर्श कॉलोनी पुलिस चौकी पहुंचकर घटना की सूचना दी।

बताया जा रहा है कि घटना स्थल उत्तर प्रदेश के बिलासपुर क्षेत्र के अंतर्गत रुद्र-बिलास चौकी इलाके में आता है। ऐसे में सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने यूपी पुलिस को अवगत कराया। मौके पर पहुंची यूपी पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ितों से पूछताछ कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

इस संबंध में सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि मामले की जांच उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा की जा रही है। यदि किसी प्रकार के सहयोग की आवश्यकता होगी तो स्थानीय पुलिस पूरी मदद करेगी।

फिलहाल पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।

Previous articleरुद्रपुर में दर्दनाक हादसा: कंपनी में ‘नो एंट्री’ के बाद रेलवे ट्रैक पार करते समय मजदूर की मौत, मोर्चरी में परिजनों का हंगामा
Next articleखटीमा में गैस संकट: शादी से पहले सात सिलिंडर के लिए भटका दूल्हा, तहसीलदार ने दिए व्यवस्था के निर्देश