रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा को सुचारू, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने खुद मोर्चा संभालते हुए देर शाम केदारनाथ मंदिर धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की।
जिलाधिकारी ने धाम पहुंचते ही यात्रा से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर पिछले दो दिनों की यात्रा का फीडबैक लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के अनुभव सुने और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में यात्रा मजिस्ट्रेट, सेक्टर एवं सब-सेक्टर मजिस्ट्रेट के अलावा राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण विभाग, पेयजल, विद्युत, पशुपालन और सुलभ विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने और यात्रा को अधिक सुगम बनाने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को श्रद्धालुओं के प्रति सौम्य और विनम्र व्यवहार बनाए रखने की सख्त हिदायत दी।
जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर के आसपास सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए विशेष निर्देश जारी करते हुए कहा कि किसी भी यूट्यूबर या ब्लॉगर को ड्रोन उड़ाने की अनुमति न दी जाए। इसके साथ ही यात्रा से संबंधित किसी भी प्रकार के दुष्प्रचार या भ्रामक वीडियो और सामग्री पर कड़ी नजर रखने को कहा गया। उन्होंने जिला सूचना अधिकारी को ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत और सुलभ विभाग के कर्मचारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। डीएम ने कहा कि किसी भी शिकायत की सूचना मिलने पर 10 मिनट के भीतर संबंधित व्यक्ति से संपर्क कर समस्या का समाधान किया जाए। वहीं, बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के कर्मचारियों को प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने और श्रद्धालुओं को शीघ्र एवं सुगम दर्शन कराने के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
जिलाधिकारी के इस सक्रिय रुख से स्पष्ट है कि प्रशासन केदारनाथ यात्रा को हर स्तर पर व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए पूरी गंभीरता से काम कर रहा है।



