उत्तराखंड में डिजिटल स्व-गणना का आज अंतिम दिन, कल से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक

देहरादून। उत्तराखंड में चल रही डिजिटल भवन स्व-गणना (Self Enumeration) का शुक्रवार को अंतिम दिन है। इसके बाद 25 अप्रैल से प्रदेशभर में प्रगणकों की टीमें घर-घर जाकर मकान सूचीकरण और गणना का कार्य शुरू करेंगी। इस प्रक्रिया के लिए जनगणना निदेशालय ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

प्रदेश में 10 अप्रैल से डिजिटल स्व-गणना की शुरुआत की गई थी, जिसमें नागरिकों को घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज करने की सुविधा दी गई। खबर लिखे जाने तक लगभग 56 हजार लोग इस सुविधा का लाभ उठाकर अपनी स्व-गणना पूरी कर चुके हैं। इन सभी को यूनिक एसई (Self Enumeration) आईडी जारी की जा चुकी है।

जिला-वार आंकड़ों पर नजर डालें तो देहरादून में सबसे अधिक 9,627 लोगों ने स्व-गणना की है, जबकि नैनीताल में 8,255 और हरिद्वार में 6,410 लोगों ने इस प्रक्रिया को पूरा किया। इसके अलावा ऊधमसिंह नगर में 5,471, अल्मोड़ा में 4,294, बागेश्वर में 3,839, चंपावत में 3,200, पिथौरागढ़ में 2,963, पौड़ी में 2,895, टिहरी में 2,570, चमोली में 2,510, उत्तरकाशी में 2,653 और रुद्रप्रयाग में 1,330 लोगों ने डिजिटल माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कराई है।

जनगणना के पहले चरण के तहत 25 अप्रैल से 24 मई तक घर-घर जाकर मकान सूचीकरण और गणना का कार्य किया जाएगा। इस अभियान के लिए प्रदेशभर में कुल 30,839 कर्मियों की तैनाती की गई है, जिनमें 4,491 सुपरवाइजर और 26,348 प्रगणक शामिल हैं।

जनगणना निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि जिन लोगों ने पहले ही डिजिटल माध्यम से स्व-गणना कर ली है, उनके घर भी प्रगणक पहुंचेंगे। प्रगणक संबंधित व्यक्ति से एसई आईडी प्राप्त कर उसे अपने सिस्टम में सत्यापित करेंगे और मौके पर ही जानकारी का मिलान कर अंतिम रूप से डेटा अपडेट करेंगे।

वहीं, जिन लोगों ने अभी तक स्व-गणना नहीं की है, उन्हें प्रगणकों द्वारा पूछे जाने वाले 33 प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। इन सवालों के आधार पर ही उनकी भवन गणना की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

प्रदेश सरकार और जनगणना विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस प्रक्रिया में सहयोग करें ताकि जनगणना कार्य समय पर और सटीक रूप से पूरा किया जा सके।

Previous articleटिहरी में दर्दनाक हादसा: हरिद्वार से लौट रहा वाहन 300 मीटर खाई में गिरा, 8 की मौत; पीएम ने किया मुआवजे का एलान
Next articleकेदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं पर सख्ती: डीएम विशाल मिश्रा ने देर शाम धाम पहुंचकर ली समीक्षा बैठक