देहरादून: जनपद के डाकपत्थर क्षेत्र में यमुना नदी के पास लापता युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक बीते 17 अप्रैल से लापता था, जिसकी तलाश में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा था, लेकिन शुरुआती प्रयासों में कोई सफलता नहीं मिल सकी थी।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को एक बार फिर से सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान यमुना पुल के पास नदी में फंसे एक ट्रक के नीचे युवक का शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद शव को ट्रक के नीचे से बाहर निकाला।
मृतक की पहचान संदीप अधिकारी (32) पुत्र प्रताप सिंह अधिकारी, निवासी ग्राम बुराष्टि (कच्चा), चकराता, देहरादून के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, संदीप 17 अप्रैल से अचानक लापता हो गया था, जिसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई थी।
स्थानीय प्रशासन और SDRF द्वारा लगातार खोजबीन की जा रही थी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया था। रविवार को दोबारा चलाए गए सर्च अभियान के दौरान यह सफलता हाथ लगी।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। वहीं, युवक के शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।



