बागेश्वर (उत्तराखंड): जिले में रविवार को भूकंप के लगातार झटकों ने लोगों में दहशत फैला दी। एक घंटे के भीतर तीन बार धरती कांपने से लोग घबराकर अपने घरों और दुकानों से बाहर निकल आए और सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ पड़े। हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक किसी प्रकार की जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
जानकारी के अनुसार, भूकंप का सिलसिला सुबह करीब 10:30 बजे शुरू हुआ और 11:31 बजे तक जारी रहा। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक पहला झटका सुबह 10:32 बजे महसूस किया गया, जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.1 मापी गई। इसके बाद 10:46 बजे 2.6 तीव्रता का दूसरा झटका आया। तीसरा और अंतिम झटका 11:31 बजे दर्ज किया गया, जिसकी तीव्रता 2.8 रही।
भूकंप का केंद्र कपकोट तहसील के दूरस्थ क्षेत्रों—बदियाकोट, सोराग और बाछम—के आसपास जमीन से लगभग 5 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। इन क्षेत्रों में झटकों का असर अधिक महसूस किया गया, जबकि जिले की अन्य तहसीलों में भी हल्के कंपन दर्ज किए गए।
लगातार झटकों के चलते लोगों में भय का माहौल बन गया। कई लोग एहतियातन खुले स्थानों पर एकत्र हो गए। स्थानीय प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि अभी तक सभी तहसीलों से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार किसी भी तरह की जनहानि या बड़ी क्षति की सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग की टीमों को प्रभावित क्षेत्रों में भेजा गया है, जो मौके पर जाकर नुकसान का आकलन कर रही हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, बल्कि सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें।



