चमोली में आंधी-तूफान का कहर: गैस सिलिंडरों से भरे पिकअप पर गिरा पेड़, चालक और वितरक ने कूदकर बचाई जान

चमोली जिले में बृहस्पतिवार शाम अचानक बदले मौसम ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। घिंघराण बस अड्डे के समीप तेज आंधी-तूफान के दौरान एक बड़ा पेड़ टूटकर व्यावसायिक गैस सिलिंडरों से भरे पिकअप वाहन के ऊपर गिर गया। हादसे के समय वाहन में मौजूद चालक और गैस वितरक ने किसी तरह वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद सड़क पर करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।

जानकारी के अनुसार हिमालयन गो गैस एजेंसी का वाहन व्यवसायिक गैस सिलिंडरों को लेकर एजेंसी की ओर जा रहा था। शाम करीब छह बजे जैसे ही वाहन घिंघराण बस अड्डे के समीप पहुंचा, तभी अचानक तेज बारिश और आंधी-तूफान शुरू हो गया। तेज हवाओं के कारण सड़क किनारे खड़ा एक बड़ा पेड़ टूटकर सीधे गैस सिलिंडरों से भरे वाहन के ऊपर गिर पड़ा।

हादसे के दौरान वाहन चालक सतीश कुमार और गैस वितरक विरेंद्र कुमार ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना तत्काल पुलिस और फायर सर्विस को दी गई। सूचना मिलते ही फायर कर्मी मौके पर पहुंचे और कटर मशीन की मदद से पेड़ की टहनियों को काटकर हटाया। इसके बाद सड़क पर फंसे वाहनों की आवाजाही दोबारा सुचारु हो सकी।

हिमालयन गो गैस एजेंसी के मैनेजर मोहन सिंह ने बताया कि यदि चालक और वितरक समय रहते वाहन से बाहर नहीं निकलते तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने बताया कि घटना के कारण करीब एक घंटे तक सड़क पर लंबा जाम लगा रहा।

मौसम ने बदला मिजाज, कई क्षेत्रों में आंधी और ओलावृष्टि

बृहस्पतिवार शाम चमोली जिले में मौसम ने अचानक करवट बदल ली। कर्णप्रयाग क्षेत्र में तेज आंधी चलने के साथ धूल भरी हवाओं ने लोगों को परेशान किया। वहीं नारायणबगड़ क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि भी हुई। थराली में हल्की बारिश दर्ज की गई।

गेरूड़ के प्रधान केदार देवराड़ी ने बताया कि पिछले कई दिनों से लगातार पड़ रही गर्मी के बीच हल्की बारिश से लोगों को राहत मिली है। हालांकि तेज हवाओं और तूफान के कारण कई स्थानों पर लोगों को दिक्कतों का सामना भी करना पड़ा।

Previous articleUttarakhand News: भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दौरे का कार्यक्रम बदला, संतों और शिक्षाविदों से भी करेंगे संवाद
Next articleऋषिकेश में बड़ा हादसा: मेरठ से घूमने आए दल के दो लोग गंगा में बहे, महिला समेत दोनों लापता