ऋषिकेश में बड़ा हादसा: मेरठ से घूमने आए दल के दो लोग गंगा में बहे, महिला समेत दोनों लापता

ऋषिकेश की तीर्थनगरी में घूमने आए मेरठ के छह लोगों के दल के साथ बड़ा हादसा हो गया। लक्ष्मण झूला थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिंगटाली झूला पुल के पास गंगा नदी में स्नान के दौरान एक महिला और एक पुरुष तेज बहाव में बह गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और देर शाम तक सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन दोनों का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।

जानकारी के अनुसार मेरठ से छह लोगों का समूह छुट्टी के दौरान ऋषिकेश घूमने के लिए आया था। सभी लोग मेरठ स्थित दास हुंडई शोरूम में कार्यरत बताए जा रहे हैं। समूह के सदस्य सिंगटाली बाजार में अपनी कार पार्क करने के बाद झूला पुल पार कर गंगा किनारे पहुंचे और पुल के नीचे नदी में स्नान करने लगे।

इसी दौरान अचानक नदी के तेज बहाव में एक महिला और एक पुरुष का संतुलन बिगड़ गया और वे पानी में बह गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज धारा के कारण दोनों देखते ही देखते नदी में ओझल हो गए। घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ को दी गई।

सूचना मिलते ही एसडीआरएफ ढालवाला और ब्यासी की टीम घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। एसडीआरएफ निरीक्षक कवींद्र सजवाण ने बताया कि डीप डाइवरों की मदद से नदी की गहराइयों में लगातार तलाश की जा रही है। हालांकि देर शाम तक दोनों लापता व्यक्तियों का कोई पता नहीं चल पाया।

पुलिस ने बताया कि घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है। गंगा में डूबने वालों की पहचान ऋतु (30) पत्नी वांशिक माहेश्वरी निवासी मेरठ तथा नरेश उपाध्याय (42) निवासी पोस्ट ऑफिस जागेठी गांव, थाना कंकरखेड़ा, मेरठ के रूप में हुई है।

घटना के बाद समूह के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने गंगा किनारे आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे नदी में उतरते समय विशेष सावधानी बरतें और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहें।

Previous articleचमोली में आंधी-तूफान का कहर: गैस सिलिंडरों से भरे पिकअप पर गिरा पेड़, चालक और वितरक ने कूदकर बचाई जान
Next articleदेहरादून पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, ढोल-दमाऊ और फूल-मालाओं के साथ कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत