देहरादून। उत्तराखंड दौरे पर आ रहे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के कार्यक्रम में बड़ा बदलाव किया गया है। अब वह पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकों के अलावा संत समाज और शिक्षाविदों से भी संवाद करेंगे। भाजपा संगठन ने उनके तीन दिवसीय दौरे में दो नए कार्यक्रम जोड़ते हुए इसे और व्यापक बना दिया है।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष 28 मई को देहरादून पहुंचेंगे। उनके स्वागत की तैयारियां प्रदेशभर में की जा रही हैं। देहरादून एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश कार्यालय तक जगह-जगह कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। हालांकि वर्तमान ऊर्जा संकट को देखते हुए वाहनों की संख्या सीमित रखने का निर्णय लिया गया है और इस बार कोई रोड शो आयोजित नहीं किया जाएगा।
दौरे के पहले दिन 28 मई को राष्ट्रीय अध्यक्ष पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद मंत्रियों के साथ अलग बैठक आयोजित की जाएगी। वहीं 29 मई को सांसदों और विधायकों की संयुक्त बैठक होगी, जिसमें सभी मंत्री विधायक के रूप में हिस्सा लेंगे। माना जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति और संगठनात्मक मजबूती को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष सीधे दिशा-निर्देश देंगे।
भाजपा संगठन इस दौरे को बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने के अभियान के रूप में देख रहा है। इसी क्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष डाकरा क्षेत्र में बूथ अध्यक्ष के घर भोजन करेंगे और बूथ कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी करेंगे। पार्टी का फोकस प्रदेश नेतृत्व से लेकर पंचायत स्तर तक संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता के साथ संवाद स्थापित करने पर रहेगा। भाजपा नेतृत्व का मानना है कि विधानसभा चुनाव से पहले संगठन में एकरूपता और स्पष्ट संदेश देना आवश्यक है।
दौरे में जोड़े गए दो नए कार्यक्रम
राष्ट्रीय अध्यक्ष के संशोधित कार्यक्रम में दो नए कार्यक्रम शामिल किए गए हैं। 29 मई की शाम वह ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन में आयोजित गंगा आरती में भाग लेंगे। इस दौरान ऋषिकेश और हरिद्वार के संतों के साथ उनका संवाद कार्यक्रम भी रखा गया है।
इसके अलावा 30 मई को सुबह 11 बजे वह शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में आयोजित “विकसित भारत 2047 में उच्च शिक्षा का महत्व एवं योगदान” विषयक कॉन्क्लेव में हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम के दौरान वह कॉलेज के नए ऑडिटोरियम का लोकार्पण भी करेंगे। इससे पहले ये दोनों कार्यक्रम उनके आधिकारिक दौरे में शामिल नहीं थे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा सरकार और संगठन दोनों अंत्योदय के सिद्धांत पर कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का उद्देश्य संगठन के अंतिम छोर तक जुड़े कार्यकर्ता तक पहुंच बनाना और आगामी चुनावों के लिए उनमें उत्साह का संचार करना है।



