नई दिल्ली। मध्य दिल्ली के नबी करीम इलाके में शादी के महज छह दिन बाद नवविवाहिता की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने पत्नी की हत्या करने के बाद शव को कमरे में रखे बेड के अंदर छिपा दिया और दरवाजे पर ताला लगाकर फरार हो गया। कई दिनों तक कमरे से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों को शक हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो बेड के भीतर से महिला का सड़ा-गला शव बरामद हुआ।
मृतका की पहचान उत्तराखंड के हल्द्वानी निवासी 28 वर्षीय निशा परवीन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पति मोहम्मद एजाज (39) वारदात के बाद से फरार है और उसकी तलाश में कई टीमें जुटी हुई हैं।
गुरुग्राम से गिरफ्तार हुआ आरोपी का बड़ा भाई
पुलिस ने घटना की जानकारी निशा के परिजनों को दी। इसके बाद मृतका के पिता मोहम्मद हसन ने पति मोहम्मद एजाज और उसके परिवार पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या और दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कर आरोपी के बड़े भाई सरफराज को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मुख्य आरोपी एजाज की तलाश में पुलिस टीम बिहार भी भेजी गई है।
26 अप्रैल को हुई थी शादी
मध्य जिला पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर के मुताबिक, निशा परवीन अपने परिवार के साथ हल्द्वानी में रहती थी। एक जानकार बिचौलिए के माध्यम से उसकी शादी 26 अप्रैल को वैशाली, बिहार निवासी मोहम्मद एजाज से हुई थी। एजाज दिल्ली के नबी करीम इलाके में बैग बनाने का काम करता था और लक्ष्मणपुरी इलाके में किराये के कमरे में रहता था।
शादी के तीन दिन बाद दिल्ली लाया था पति
पुलिस जांच में सामने आया है कि शादी के तीसरे दिन यानी 29 अप्रैल को एजाज अपनी पत्नी निशा को हल्द्वानी से दिल्ली लेकर आया था। आरोप है कि दिल्ली आने के बाद से ही दहेज को लेकर निशा के साथ मारपीट शुरू कर दी गई थी। मृतका ने इस बारे में अपने परिवार को भी जानकारी दी थी।
परिजनों का आरोप है कि 2 मई को किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद एजाज ने निशा की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को बेड के अंदर छिपाकर वह कमरे पर ताला लगाकर फरार हो गया।
बदबू आने पर खुला हत्या का राज
करीब छह दिन तक कमरे में शव पड़ा रहा। 8 मई को कमरे से तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने दरवाजा तोड़ा। अंदर बेड के भीतर महिला का शव सड़ी-गली हालत में मिला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। मामले की जानकारी क्षेत्रीय एसडीएम, क्राइम टीम और एफएसएल को भी दी गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
गला घोंटकर हत्या की आशंका
प्राथमिक जांच में पुलिस को आशंका है कि निशा की हत्या गला घोंटकर की गई है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी पति की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।



