शैय्याग्रस्त राज्य आंदोलनकारियों की देखभाल के लिए सरकार ने स्वीकृत किए 20 हजार रुपये प्रतिमाह

अमित ओबराय और प्रकाश चन्द्र कान्त के लिए एक-एक सहायक की व्यवस्था होगी, लंबे समय से लंबित था मामला

देहरादून। उत्तराखण्ड राज्य आंदोलन के दौरान पुलिस की गोली से घायल होकर पूर्णतः शैय्याग्रस्त (Bedridden) हुए दो राज्य आंदोलनकारियों की देखभाल के लिए प्रदेश सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। शासन ने दोनों आंदोलनकारियों के लिए एक-एक सहायक की व्यवस्था हेतु 20-20 हजार रुपये प्रतिमाह की धनराशि स्वीकृत की है। इस संबंध में गृह अनुभाग-8 की ओर से 6 नवंबर 2026 को शासनादेश जारी किया गया है।

शासनादेश के अनुसार इस सुविधा का लाभ हरिद्वार निवासी श्री प्रकाश चन्द्र कान्त तथा देहरादून निवासी श्री अमित ओबराय को मिलेगा। दोनों आंदोलनकारी उत्तराखण्ड राज्य आंदोलन के दौरान रामपुर तिराहा कांड में पुलिस की गोली से घायल हुए थे और उसके बाद से पूर्णतः शैय्याग्रस्त हैं।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व शासन द्वारा इन दोनों आंदोलनकारियों को 30 हजार रुपये प्रतिमाह विशेष सम्मान पेंशन दिए जाने की व्यवस्था की गई थी। अब उनकी दैनिक देखभाल की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए सहायक की व्यवस्था के लिए अतिरिक्त 20 हजार रुपये प्रतिमाह स्वीकृत किए गए हैं। इस प्रकार प्रत्येक आंदोलनकारी के लिए विशेष सम्मान पेंशन एवं सहायक की व्यवस्था को मिलाकर कुल 50 हजार रुपये प्रतिमाह की आर्थिक व्यवस्था होगी।

इस विषय को लेकर पूर्व में हिमालय संवाद के एक कार्यक्रम में भी चर्चा हुई थी। कार्यक्रम में उपस्थित आंदोलनकारी अमित ओबराय की देखभाल के लिए सहायक की नियुक्ति का मामला सूचना महानिदेशक श्री बंशीधर तिवारी के समक्ष रखा गया था। इस पर उन्होंने विषय की गंभीरता को देखते हुए इसे शीघ्र मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाने का आश्वासन दिया था। अब शासनादेश जारी होने के बाद इस लंबे समय से लंबित मांग पर निर्णय हुआ है।

इस प्रकरण में सूचना महानिदेशक श्री बंशीधर तिवारी द्वारा विषय को आगे बढ़ाने के प्रयासों तथा मुख्यमंत्री स्तर से मिली स्वीकृति के लिए आभार व्यक्त किया जा रहा है।

शासनादेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि इस मद में होने वाला व्यय वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट से वहन किया जाएगा। आदेश वित्त विभाग की सहमति के बाद जारी किया गया है।

Previous articleअमित शाह के दौरे को लेकर मुख्यमंत्री धामी ने परेड ग्राउंड का किया निरीक्षण