टांडा रेंज में जंगली हाथी का कहर: दो लोगों की मौत, लालकुआं क्षेत्र में दहशत

लालकुआं। तराई क्षेत्र में मानव और वन्यजीवों के बीच बढ़ते संघर्ष ने एक बार फिर भयावह रूप ले लिया है। लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत टांडा रेंज के शाह पठानी इलाके में जंगली हाथी के हमले में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात जंगली हाथी ने दो लोगों पर हमला कर दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक की पहचान बांधो प्रजापति (75 वर्ष), निवासी झारखंड के रूप में हुई है, जो स्थानीय लोगों के खेतों में चौकीदारी का काम करता था। वहीं दूसरे मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है, हालांकि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह मानसिक रूप से अस्थिर व्यक्ति बताया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर केन्द्रीय वन प्रभाग के प्रभागीय वन अधिकारी उमेश चन्द्र तिवारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित सैनी, उप प्रभागीय वन अधिकारी शशि देव, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा और वन क्षेत्राधिकारी रूपनारायण गौतम मौजूद रहे।

प्रभागीय वन अधिकारी उमेश चन्द्र तिवारी ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का पता चल सकेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा और हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।

इस घटना के बाद वन विभाग ने इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है। हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे जंगल से सटे इलाकों में अकेले न जाएं और विशेष सावधानी बरतें।

गौरतलब है कि लालकुआं और आसपास के तराई क्षेत्रों में हाल के दिनों में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भय और असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है। इस ताजा हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में शोक की लहर है और उन्होंने वन विभाग से उचित मुआवजे की मांग की है।

Previous articleनैनीताल में चालान के बाद युवक की आत्महत्या, पुलिस पर प्रताड़ना के आरोप; जांच शुरू
Next articleहल्द्वानी में ‘मासूम चेहरा’ बनकर महिलाओं के मंगलसूत्र उड़ाने वाली मुस्कान गिरफ्तार, ई-रिक्शा में देती थी वारदात को अंजाम