महिला उत्पीड़न को लेकर कांग्रेस का रिकार्ड दागदार और जगजाहिरः भाजपा

देहरादून। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि  मातृशक्ति के अपमान और उत्पीड़न को लेकर कांग्रेस की बड़ी सूची जनता के पास है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर कांग्रेसियों का कथन उस छन्नी की तरह है जिसमें आरोपों के हजारों छेद हैं। जबकि भाजपा सरकार में महिला अपराधों को पूरी संवेदनशीलता एवं गंभीरता से लिया गया और त्वरित एवं कठोतम कार्रवाई की गई है।

उन्होंने कांग्रेस नेताओं द्वारा महिला अपराधों को लेकर मीडिया में सामने आ रहे बयानों को दुर्भाग्यपूर्ण एवं पाखंड बताया।  कांग्रेस सरकारों एवं नेताओं के दामन, महिलाओं के साथ अन्याय से दागदार हैं। प्रदेश और देश की जनता द्वारा सजा के तौर पर दिए आजीवन वनवास का एक बड़ा कारण भी यही है। कांग्रेस के बड़े नेताओं, मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों पर तो राज्य निर्माण के बाद पहली निर्वाचित सरकार में ही महिला शोषण के गंभीर आरोप लगे थे। इनमें एक तो पहले कैबिनेट मंत्री बने जिन्हें यौन शोषण के आरोप में मंत्रिमंडल से हटना तक पड़ गया था। वे स्वयं जानते है कि सार्वजनिक रूप में लगे इस आरोप से वे कभी भी पीछा नहीं छुड़ा सकते हैं। कानूनी दृष्टि से बेशक शंकाएं हों, लेकिन जनता की नजरों में महिला अपराधों के दोषी कांग्रेस में साफ साफ पहचाने जाते हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व की बहिन बेटियों के प्रति घृणित सोच को भी जनता ने अभी देखा है कि किस तरह उन्हें धमकाया गया, अभद्रता एवं गालियां दी गई। हैरानी ये सब तब हुआ जब कांग्रस प्रदेश में न्याय यात्रा का ढोल पीट रही थी। जबकि सबसे अधिक न्याय की जरूरत तो कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं जनता को है। ये जब इससे पहले सरकार में थे तो जनता गवाह है कि बेटियों पर हुए अत्याचारों के मुकदमे दर्ज करने के लिए ही आंदोलन करने पड़ते थे। अब लंबे समय से वे विपक्ष में हैं तो भी महिला अन्याय के मामलों में लगातार उनके नेताओं के नाम आना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता बहुत ही समझदार और जागरूक है, इसीलिए वह कांग्रेस पार्टी के राजनैतिक पाखंड में नहीं फंसती है। उन्हें मुख्यमंत्री धामी और भाजपा पर प्रदेश के विकास और सामाजिक कल्याण एवं सुरक्षा को लेकर पूरा भरोसा है। लिहाजा कांग्रेस कितना ही कीचड़ उछाले, कमल उतना ही अधिक खिलने वाला है।

Post navigation

Previous articleएमडीडीए का अवैध निर्माणों पर बड़ा प्रहार, सात स्थानों पर सीलिंग
Next articleतीन दिवसीय गोरखा दशै-दीपावली महोत्सव का मंत्री सतपाल महाराज ने किया उद्घाटन