हल्द्वानी:
शहर में ई-रिक्शा में सफर कर रही महिलाओं को निशाना बनाकर मंगलसूत्र चोरी करने वाली शातिर महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला मासूम और लाचार होने का नाटक कर महिलाओं के करीब बैठती थी और मौका मिलते ही उनके गले से मंगलसूत्र चोरी कर फरार हो जाती थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर इस तरह की कई वारदातों का खुलासा किया है।
पुलिस के अनुसार, मथुरा निवासी मुस्कान लंबे समय से हल्द्वानी क्षेत्र में टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम दे रही थी। वह ई-रिक्शा में सवार होकर महिलाओं को अपना निशाना बनाती थी। गोद में बच्चे को लेकर खुद को लाचार दिखाती और सहानुभूति हासिल कर महिलाओं के पास बैठ जाती थी। इसी दौरान वह बड़ी ही सफाई से उनके गले से मंगलसूत्र काट लेती और मौके से फरार हो जाती थी।
सीसीटीवी से मिला सुराग, रोडवेज स्टेशन से हुई गिरफ्तारी
मामले का खुलासा करते हुए एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि फरवरी में कोतवाली क्षेत्र की मेघा जोशी और मार्च में मुखानी थाना क्षेत्र की दीपा खड़ायत के मंगलसूत्र चोरी होने की घटनाएं सामने आई थीं। लगातार हो रही टप्पेबाजी की घटनाओं के बाद पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया और घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
जांच के दौरान संदिग्ध महिला की पहचान मुस्कान के रूप में हुई। इसके बाद 27 अप्रैल को पुलिस ने हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मुस्कान ने दोनों घटनाओं को अंजाम देना कबूल कर लिया है।
ऐसे देती थी वारदात को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया है कि मुस्कान खासतौर पर ई-रिक्शा में बैठी महिलाओं को निशाना बनाती थी। वह गोद में बच्चे को लेकर खुद को असहाय दिखाती थी, जिससे महिलाएं उसे अपने पास बैठने देती थीं। इसके बाद वह उनके बेहद करीब बैठकर मौका पाते ही मंगलसूत्र काट लेती और बिना शक पैदा किए मौके से निकल जाती थी।
पति है गैंगस्टर, कई गंभीर मामलों में दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस ने बताया कि मुस्कान का पति भी शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी है। आगरा में उसके खिलाफ चेन स्नैचिंग, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत छह आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसकी भी तलाश कर रही है।
बताया जा रहा है कि आरोपी अपने पति और बच्चे के साथ स्कॉर्पियो वाहन से हल्द्वानी आती थी और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो जाती थी। फिलहाल पुलिस अन्य संभावित वारदातों और आरोपी के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
पहली बार आई पुलिस गिरफ्त में
पुलिस के मुताबिक, मुस्कान पहली बार गिरफ्तार हुई है, लेकिन उसकी कार्यप्रणाली बेहद पेशेवर और शातिराना रही है। पुलिस अब उससे जुड़े अन्य मामलों और संभावित साथियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी हुई है।



