केदारनाथ: उत्तराखंड के प्रसिद्ध धाम केदारनाथ में देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब दो तीर्थयात्रियों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। मौके पर मौजूद सुरक्षा एजेंसियों और एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिवादन बल) की तत्परता से दोनों को समय रहते अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे उनकी जान बच सकी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस चौकी को सूचना मिली कि हेलीपैड के पास एक युवक की तबीयत अचानक खराब हो गई है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बीमार युवक की पहचान राहुल बेनीवाल (20) के रूप में हुई। टीम ने बिना देर किए उसे रेस्क्यू कर नजदीकी विवेकानंद अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
इसी दौरान एक और आपात सूचना प्राप्त हुई कि केदारनाथ मंदिर परिसर में एक बुजुर्ग महिला की तबीयत बिगड़ गई है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर टीम ने पाया कि मधुबेन (70), पत्नी चिमन भाई कोरत, निवासी गुजरात, को सांस लेने में गंभीर तकलीफ हो रही थी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला को स्ट्रेचर के माध्यम से मंदिर परिसर से सुरक्षित बाहर निकाला और सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
प्रशासन और एसडीआरएफ की इस त्वरित कार्रवाई से दोनों तीर्थयात्रियों की जान बच सकी। वहीं, अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में यात्रा के दौरान स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचित करें।



