गैरसैंण। ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में आज से शुरू हो रहे विधानसभा के बजट सत्र में धामी सरकार का आम बजट खास रहने की संभावना है। आगामी चुनावी वर्ष को देखते हुए सरकार इस बार ऐसा बजट पेश करने की तैयारी में है जिसमें महिलाओं, युवाओं और किसानों के हितों पर विशेष फोकस रहेगा। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सरकार इन वर्गों को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कर सकती है, जिससे प्रदेश में विकास और रोजगार को नई गति मिल सके।
बताया जा रहा है कि बजट में महिला सशक्तीकरण को प्राथमिकता दी जाएगी। महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए नई योजनाएं शुरू करने के साथ ही स्वयं सहायता समूहों को और अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया जा सकता है। इसके अलावा महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और उनकी आय बढ़ाने के लिए विशेष कार्यक्रमों की घोषणा भी संभव है।
युवाओं के लिए भी इस बार के बजट में बड़े कदम उठाए जा सकते हैं। सरकार कौशल विकास कार्यक्रमों को विस्तार देने के साथ-साथ रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण योजनाओं पर विशेष जोर दे सकती है। इसका उद्देश्य युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही रोजगार उपलब्ध कराना है, ताकि पलायन की समस्या को कम किया जा सके।
कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए भी सरकार कई अहम फैसले ले सकती है। किसानों को जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा, मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम, कृषि उपकरणों और बीजों पर सब्सिडी बढ़ाने जैसे कदम बजट में शामिल किए जा सकते हैं। इसके साथ ही बागवानी और पारंपरिक खेती को बढ़ावा देने के लिए भी नई योजनाओं की घोषणा की संभावना जताई जा रही है।
पांच दिवसीय बजट सत्र के दौरान प्रदेश सरकार की ओर से यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) समेत आठ से अधिक विधेयक और अध्यादेश सदन के पटल पर रखे जाएंगे। साथ ही विभिन्न विभागों और आयोगों की वार्षिक प्रतिवेदन रिपोर्ट भी विधानसभा में पेश की जाएगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के भराड़ीसैंण पहुंचने के बाद विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने उनसे मुलाकात कर सत्र की तैयारियों और व्यवस्थाओं पर चर्चा की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य से भी भेंट की। बजट सत्र को देखते हुए विधानसभा परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
संसदीय कार्यमंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि सरकार ऐसा बजट लाने की तैयारी में है जो महिलाओं, युवाओं और किसानों के लिए खास होगा और प्रदेश में गरीबी उन्मूलन के लक्ष्य को आगे बढ़ाएगा।



