उत्तरकाशी। यमुनोत्री धाम की यात्रा पर आए मध्य प्रदेश के एक श्रद्धालु की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। श्रद्धालु को अचेत अवस्था में उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद चारधाम यात्रा के दौरान जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़कर 14 हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश निवासी 61 वर्षीय हरिमोहन अपने परिजनों के साथ चारधाम यात्रा पर उत्तराखंड पहुंचे थे। यमुनोत्री धाम की यात्रा के दौरान जब वे जानकीचट्टी क्षेत्र में पहुंचे, तभी उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र जानकीचट्टी ले जाया गया।
हालांकि अस्पताल पहुंचने तक उनकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। स्वास्थ्य केंद्र जानकीचट्टी के प्रभारी डॉ. अखिल राणा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि श्रद्धालु की स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने से पहले ही मृत्यु हो चुकी थी।
चारधाम यात्रा के दौरान लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या के बीच स्वास्थ्य संबंधी घटनाएं भी सामने आ रही हैं। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लगातार यात्रियों से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में यात्रा के दौरान स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेने की अपील कर रहे हैं।
यमुनोत्री धाम में हुई इस घटना के बाद चारधाम यात्रा के दौरान अब तक मृतकों की संख्या 14 पहुंच चुकी है, जिससे प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की चिंता भी बढ़ गई है।



