उत्तराखंड में जिला न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। उत्तरकाशी और नैनीताल के बाद अब टिहरी और रुद्रप्रयाग जिला न्यायालयों की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर बम होने की सूचना मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और एलआईयू (लोकल इंटेलिजेंस यूनिट) की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे कोर्ट परिसर को खाली कराकर सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
नई टिहरी और रुद्रप्रयाग जिला न्यायालय में बम रखे जाने की खबर के बाद न्यायालय परिसर में मौजूद न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता और कर्मचारी बाहर निकल आए। सुरक्षा की दृष्टि से आसपास के क्षेत्रों को भी सतर्क किया गया। पुलिस ने बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वाड की मदद से न्यायालय परिसर के हर कोने की गहन जांच की। प्राथमिक जांच में किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने पर सभी ने राहत की सांस ली, हालांकि एहतियातन पुलिस निगरानी बनाए हुए है।
इसी क्रम में उत्तरकाशी में जिला न्यायालय के बाद आज कलक्ट्रेट परिसर को भी बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। सूचना मिलते ही पुलिस ने परिसर को खाली करवाया और बम निरोधक दस्ता व डॉग स्क्वाड द्वारा जांच कराई जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की चूक से बचने के लिए हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही हैं।
नई टिहरी जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल मिश्रा और सीओ टिहरी महेश लखेड़ा ने बताया कि जिला न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल पर बम रखने की धमकी मिली थी। इसके बाद पूरे कोर्ट परिसर की तलाशी ली गई, लेकिन कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। फिर भी सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
उत्तरकाशी जिला न्यायालय में भी मिल चुकी है बम की धमकी
गौरतलब है कि सोमवार को उत्तरकाशी जिला न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भी कोर्ट परिसर में बम और आरडीएक्स होने की धमकी मिली थी। इस सूचना के बाद न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरे परिसर को खाली कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ता, एसटीएफ और खुफिया एजेंसियां भी मौके पर पहुंचीं। देर शाम तक चली जांच में कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह जिला न्यायालय की ई-मेल आईडी पर आए धमकी भरे मेल में करीब 12 किलो आरडीएक्स लगाए जाने का दावा किया गया था। सूचना मिलते ही न्यायालय प्रशासन ने पुलिस को अवगत कराया। इसके बाद भारी पुलिस बल तैनात किया गया, कोर्ट रोड पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई और अग्निशमन दस्ता भी मौके पर मौजूद रहा।
एसपी कमलेश उपाध्याय ने बताया कि धमकी भरे ई-मेल के मामले में नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मेल कहां से भेजी गई है और इसके पीछे किसका हाथ है, इसकी सघन जांच की जा रही है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही हैं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।



