नरेन्द्रनगर ब्लॉक में बवाल! महिला अधिकारी से अभद्रता के आरोप पर प्रदेशभर के अधिकारी हुए एकजुट, सरकार से की सख्त कार्रवाई की मांग

देहरादून/टिहरी। टिहरी जनपद के विकास खंड नरेन्द्रनगर में महिला खंड विकास अधिकारी के साथ कथित अभद्र व्यवहार का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस प्रकरण में प्रादेशिक विकास सेवा संगठन, उत्तराखण्ड ने मुख्यमंत्री, ग्राम्य विकास मंत्री, संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और जिला प्रशासन को पत्र भेजकर आरोपियों के खिलाफ तत्काल और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
संगठन का आरोप है कि 2 जुलाई 2026 को क्षेत्र पंचायत सदस्य हिमांशु राणा ने विकास खंड कार्यालय पहुंचकर महिला अधिकारी श्रीमती श्रुति वत्स के साथ अभद्र एवं अमर्यादित व्यवहार किया और सरकारी कार्य में बाधा डाली। पत्र में यह भी दावा किया गया है कि संबंधित अधिकारी ने तत्काल स्थानीय कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन अभी तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से कर्मचारियों में भारी नाराजगी है।
संगठन ने अपने पत्र में कहा है कि यदि सरकारी कार्यालय में एक महिला अधिकारी भी सुरक्षित महसूस नहीं करेगी, तो फिर आम कर्मचारी किस माहौल में काम करेंगे? पत्र के अनुसार यह मामला केवल एक अधिकारी के सम्मान का नहीं, बल्कि पूरे प्रशासनिक तंत्र की गरिमा और कानून व्यवस्था की परीक्षा बन चुका है।
प्रादेशिक विकास सेवा संगठन ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष और समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई या किसी भी प्रकार के दबाव में महिला अधिकारी का तबादला किया गया, तो इससे पूरे प्रदेश के अधिकारियों और कर्मचारियों का मनोबल टूटेगा और गलत संदेश जाएगा।
संगठन ने सरकार से दो प्रमुख मांगें रखी हैं –
  • कथित घटना में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध शीघ्र एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए।
  • किसी भी प्रकार के राजनीतिक या अन्य दबाव में संबंधित महिला अधिकारी का स्थानांतरण न किया जाए।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है- क्या सरकारी दफ्तरों में कार्यरत अधिकारियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित किया जाएगा, या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा? प्रदेश की निगाहें अब सरकार और पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।
Previous articleउत्तरकाशी: दयारा बुग्याल ट्रेक पर गई नैनीताल की युवती रहस्यमय ढंग से लापता, तीन दिन बाद भी नहीं मिला कोई सुराग
Next articleमुख्य सचिव की ने पर्यटन विभाग की समीक्षा, योजनाओं पर विस्तार से ली जानकारी