देहरादून के कैंट थाना क्षेत्र स्थित किशननगर में एक स्कूल के पीछे संचालित किए जा रहे कथित देह व्यापार रैकेट का पुलिस ने खुलासा किया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि तीन युवतियों को रेस्क्यू किया गया है। मामले के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, किशननगर क्षेत्र में एक किराये के मकान में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की शिकायत स्थानीय लोगों द्वारा की जा रही थी। आरोप है कि मकान की आड़ में अवैध देह व्यापार का कारोबार चलाया जा रहा था। स्थानीय पार्षद नंदिनी शर्मा ने इस संबंध में सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें इलाके में चल रही संदिग्ध गतिविधियों को लेकर सवाल उठाए गए थे।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और कैंट थाना पुलिस ने तत्काल मौके पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन युवतियों को वहां से सुरक्षित बाहर निकाला, जबकि मौके से आशीष पांडे और जंग बहादुर नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने करीब छह महीने पहले उक्त मकान किराये पर लिया था और वहीं से अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
कैंट थाना प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही रेस्क्यू की गई युवतियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।



