देहरादून। शादी की खुशियां उस वक्त दहशत में बदल गईं, जब मेहंदी समारोह के दौरान एक युवक की लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई। गोली लगने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पिस्टल जब्त कर ली है। साथ ही उसके शस्त्र लाइसेंस को निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
रायपुर थाना क्षेत्र के नेहरूग्राम की घटना
मामला देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र स्थित नेहरूग्राम का है। पुलिस के अनुसार घटना सोमवार रात करीब साढ़े 11 बजे की है। गढ़वाली कॉलोनी, नेहरूग्राम निवासी कमल कुमार यादव के घर शादी से पूर्व मेहंदी का कार्यक्रम आयोजित था। समारोह में परिवार के सदस्य और परिचित शामिल हुए थे।
इसी दौरान परिचित लक्ष्मण सिंह नेगी भी कार्यक्रम में मौजूद थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपनी लाइसेंसी पिस्टल कमर में लगा रखी थी। जब समारोह में डांस चल रहा था, उसी दौरान अचानक पिस्टल से फायर हो गया।
पैर में लगी गोली, अस्पताल में भर्ती
अचानक चली गोली कमल कुमार यादव की साली नीलिमा के पैर में जा लगी। गोली लगते ही समारोह में सन्नाटा छा गया और नीलिमा की चीख सुनकर लोगों को घटना का एहसास हुआ। परिजन तुरंत उन्हें उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार महिला की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
आरोपी हिरासत में, लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी लक्ष्मण सिंह नेगी को हिरासत में ले लिया। पिस्टल को भी जब्त कर लिया गया है। थानाध्यक्ष गिरीश नेगी ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में लापरवाही से गोली चलने की बात सामने आई है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि पिस्टल पहले से लोड थी और नाचने के दौरान झटका लगने से ट्रिगर दब गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
बड़ा हादसा टला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक समारोह में छोटे बच्चे भी मौजूद थे। गनीमत रही कि पिस्टल की नाल नीचे की ओर थी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद रिश्तेदारों और मेहमानों में भय और आक्रोश का माहौल है।
जांच जारी
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। कार्यक्रम में हथियार लाने और उसे लोडेड रखने को गंभीर लापरवाही माना जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सुरक्षा नियमों का उल्लंघन किस स्तर पर हुआ।
शादी की खुशियों के बीच हुई इस घटना ने एक बार फिर समारोहों में हथियारों के प्रदर्शन और लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।



