देहरादून। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए उत्तराखंड सरकार के बजट का आकार लगभग 1.10 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में इस बार बजट में करीब 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी प्रस्तावित है।
बुधवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट बैठक में बजट के आकार पर विस्तृत चर्चा हुई। कैबिनेट ने बजट में आवश्यक संशोधन के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत करते हुए आगामी विधानसभा सत्र में इसे प्रस्तुत करने की मंजूरी दे दी।
महिला-बच्चों को मिलेगा बेहतर पोषाहार
कैबिनेट ने प्रदेश में गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में तीन से छह वर्ष तक के बच्चों के स्वास्थ्य सुधार के लिए पोषाहार में नई सामग्री शामिल करने का निर्णय लिया। सरकार का उद्देश्य कुपोषण दर को कम करना और मातृ-शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना है।
सेब और शहद उत्पादन को बढ़ावा
प्रदेश में बागवानी को प्रोत्साहन देने के लिए सेब नर्सरी विकास योजना को मंजूरी दी गई है।
-
10 एकड़ तक नर्सरी स्थापित करने पर 50% सब्सिडी
-
10 एकड़ से अधिक पर 40% सब्सिडी
इसके अलावा, किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से मौन पालन नीति को स्वीकृति दी गई है। इस नीति के तहत मौनपालन बॉक्स पर किसानों को 80% सब्सिडी प्रदान की जाएगी।



