देहरादून में डेबिट कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 66 एटीएम कार्ड के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने डेबिट कार्ड बदलकर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 66 एटीएम कार्ड, तीन मोबाइल फोन और एक कार बरामद की है।

जानकारी के अनुसार, 20 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सेलाकुई की ओर से आ रही एक सफेद कार में सवार कुछ लोग डेबिट कार्ड बदलकर लोगों से धोखाधड़ी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की और संदिग्ध कार (UP 14 FH 7340) को रोक लिया।

कार की तलाशी लेने पर उसमें सवार तीन व्यक्तियों के पास अलग-अलग बैंकों के कुल 66 एटीएम कार्ड बरामद हुए। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन और प्रयुक्त वाहन भी कब्जे में लिया गया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान इमरान अली (गाजियाबाद), नसीरुद्दीन (दिल्ली) और मोहम्मद खालिद (गाजियाबाद) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे एटीएम बूथों पर जाकर खासतौर पर बुजुर्ग और अनजान लोगों को निशाना बनाते थे। मदद के बहाने उनका डेबिट कार्ड बदल लेते और पिन नंबर जानकर उनके खातों से पैसे निकाल लेते थे।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। बरामद सभी सामान को सील कर लिया गया है और आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।

प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने किन-किन क्षेत्रों में इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है। साथ ही उनके नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

Previous articleउत्तराखंड जनगणना अपडेट: 24 अप्रैल तक भवन स्व-गणना, 25 से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक, लिव-इन जोड़ों पर नहीं होगा दबाव