देहरादून: छात्रों के दो गुटों में विवाद के बाद मुजफ्फरनगर के छात्र की मौत, तीन युवक हिरासत में
राजधानी देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में छात्रों के दो गुटों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक छात्र की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में विवाद की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात प्रेमनगर थाना क्षेत्र के केहरी गांव में कुछ छात्रों के बीच आपसी कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने घायल युवक को दून अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान मुजफ्फरनगर जिले के भोपा निवासी दिव्यांशु जाटराना (22) के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी देते हुए एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि सोमवार रात पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवकों के बीच मारपीट हुई है, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों के युवक एक निजी संस्थान में पढ़ाई करते हैं और उनके बीच पहले से किसी बात को लेकर रंजिश चली आ रही थी। इसी पुरानी रंजिश के चलते सोमवार रात दोनों गुटों के बीच विवाद हुआ, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गया।
मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही घटना में शामिल तीन युवकों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।



