देहरादून में भाजपा नेता पर जानलेवा हमला, कार से टक्कर मारकर अपहरण की कोशिश; पिस्टल तानकर दी धमकी

देहरादून: राजधानी देहरादून के पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां भाजपा युवा मोर्चा के एक पदाधिकारी पर जानलेवा हमला करते हुए अपहरण की कोशिश की गई। आरोप है कि हमलावरों ने पहले उनकी बाइक को कार से टक्कर मारी, फिर पिस्टल तानकर उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाने का प्रयास किया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

पीड़ित की पहचान नयागांव चंद्रबनी निवासी 26 वर्षीय हर्ष वालिया के रूप में हुई है, जो भाजपा युवा मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष बताए जा रहे हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कुछ दिन पहले क्लेमनटाउन थाना क्षेत्र में एक मामले को लेकर उनकी कुछ युवकों से कहासुनी हो गई थी। उसी दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।

हर्ष वालिया के मुताबिक, 20 अप्रैल की शाम करीब 4 से 4:30 बजे के बीच वह गौतम कुंड के पास स्थित एक कैफे से लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई एक आई-20 कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गए।

घटना के बाद कार से उतरे आरोपियों ने उनके सिर पर पिस्टल तान दी। इसी बीच दूसरी कार से पहुंचे अन्य युवकों ने उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाकर अपहरण करने की कोशिश की। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े।

स्थानीय लोगों के जुटने पर आरोपी बौखला गए और हर्ष वालिया के साथ मारपीट करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी देने लगे। इसी अफरा-तफरी के बीच पीड़ित पास की दीवार फांदकर मौके से भागने में सफल रहे। इस दौरान उनकी बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और एक मकान की दीवार भी टूट गई।

पीड़ित ने हमलावरों में हार्दिक शर्मा, अभिषेक वर्मा, अभिनव काकरान और चेतन्य शर्मा समेत तीन अन्य युवकों के शामिल होने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना तुरंत डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और एक कार को अपने कब्जे में ले लिया।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पटेलनगर थाना प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

Previous articleHaldwani Road Accident: तेज रफ्तार बस ने छीनी मासूम कनक की जिंदगी, पिता का निवाला छूटा, परिवार में पसरा मातम
Next articleउत्तराखंड जनगणना अपडेट: 24 अप्रैल तक भवन स्व-गणना, 25 से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक, लिव-इन जोड़ों पर नहीं होगा दबाव