कांग्रेस-भाजपा की महिलओं ने ठोकी जीत की ताल

देहरादून : उत्तराखंड के पांचवें विधानसभा चुनाव का परिणाम आ चुका है। इस बार खास बात यह है कि इस बार सर्वाधिक आठ महिलाएं जीतकर विधानसभा पहुंची हैं। इनमें छह महिलाओं ने भाजपा के टिकट पर जीत का परचम लहराया है, जबकि कांग्रेस की दो महिला प्रत्याशी ने जीत दर्ज की। उत्तराखंड में विधानसभा की 70 सीटों पर इस बार कुल 632 प्रत्याशियों ने चुनावी रण में ताल ठोकी, इनमें 63 (10 प्रतिशत) महिला प्रत्याशी शामिल रहीं। 

भाजपा-कांग्रेस के सिंबल पर लड़ी महिला प्रत्याशियों की बात करें तो दोनों दलों ने 13 महिलाओं को चुनाव मैदान में उतारा था। भाजपा ने आठ और कांग्रेस ने पांच महिलाओं को टिकट दिया। इनमें भाजपा की दो, जबकि कांग्रेस की तीन महिला प्रत्याशियों को हार का सामना करना पड़ा। पिछले चुनाव (वर्ष 2017) में भी दोनों दलों ने इतनी ही महिला प्रत्याशियों पर दांव खेला था। हालांकि, तब कांग्रेस ने आठ और भाजपा ने पांच महिलाओं को टिकट दिया था। इनमें कांग्रेस की दो और भाजपा की तीन महिला प्रत्याशियों को जीत मिली थी। इसके अलावा प्रकाश पंत का निधन होने पर उनकी पत्नी चंद्रा प्रकाश पंत को उपचुनाव में जीत मिली थी।

Previous articleजसबीर डिंपा ने हार के लिए केंद्रीय नेतृत्व को ठहराया जिम्मेदार
Next articleआप को मिली पंजाब में बहुमत, उत्तराखंड में डब्बा गुल