Accident: नैनीताल में बड़ा हादसा,गहरी खाई में गिरा यात्रियों से भरा वाहन, आठ की मौत, 2 लोग गंभीर

उत्तराखंड में लगातार सड़क हादसे की खबरें सामने आ रही हैं। वहीं इसी कड़ी में अब नैनीताल जिले में एक बड़ा हादसा हुआ है। बताया जा रहा है कि यहां बेतालघाट में एक वाहन गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे के दौरान 8 लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक टीम के साथ रेस्क्यू दल मौके पर पहुंचा। इस रेस्क्यू अभियान के दौरान स्थानीय लोगों व पुलिस के साथ मिलकर एसडीआरएफ ने आठ शव बाहर निकाले। वहीं इस हादसे में घायल दो अन्य लोगों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। इन दोनों घायलों का उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार नैनीताल जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र बेतालघाट में ये बड़ा हादसा हुआ है। दुर्गम इलाके में देर रात हुए हादसे होने के कारण रेस्क्यू में काफी दिक्कत आई। हादसे में जिन लोगों की मौत हुई इनमें ज्यादातर नेपाली श्रमिक बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि वाहन गांव से कुछ ही दूर पहुंचा था कि ड्राइवर उस पर से नियंत्रण खो बैठा। जिसके बाद वाहन करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।

वहीं बताया जा रहा है कि ड्राइवर के अलावा दुर्घटना का शिकार सभी व्यक्ति नेपाल के महेंद्रनगर के रहने वाले थे। वे काम से अपने घर जा रहे थे। इन मृतकों की पहचान विशराम चौधरी उम्र 50 वर्ष, अनंत राम चौधरी उम्र 40 वर्ष, धीरज उम्र 45 वर्ष, विनोद चौधरी उम्र 38 वर्ष, तिलक चौधरी उम्र 45 वर्ष, उदय राम चौधरी उम्र 55 वर्ष, गोपाल उम्र 60 वर्ष और चालक ओड़ा बास्कोट गांव (नैनीताल) निवासी 38 वर्षीय राजेंद्र कुमार पुत्र हरीश राम के रूप में हुई है। जबकि दो घायलों की पहचान छोटू चौधरी और शांति चौधरी के रूप में हुई हैं।

Previous articleUttarakhand: प्रदेश में बदला स्कूलों में एडमिशन का नियम, हजारों बच्चों के प्रवेश में आई बाधा, जाने वजह…
Next articleUttarakhand: प्रदेश में मतदान के दिन मौसम खराब और लू से बचाव के लिए ये व्यवस्थाएं करने के निर्देश, जाने…