देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर गुरुवार को पहली बार देहरादून पहुंचे। दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार को उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बीसी खंडूड़ी के आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं। इसके बाद उन्होंने राजपुर रोड स्थित होटल में विभिन्न संगठनात्मक बैठकों का सिलसिला शुरू किया।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सबसे पहले सांसदों और विधायकों के साथ बैठक कर आगामी चुनावों और संगठन की रणनीति पर चर्चा की। इसके बाद दोपहर दो बजे से प्रदेश पदाधिकारियों, प्रदेश मोर्चा अध्यक्षों, महामंत्रियों, जिला प्रभारी, सह प्रभारियों और जिला अध्यक्षों के साथ विस्तृत मंथन का कार्यक्रम तय किया गया।
शाम चार बजे से वह महापौरों, नगर पालिका अध्यक्षों, नगर पंचायत अध्यक्षों, जिला पंचायत अध्यक्षों, उपाध्यक्षों और ब्लॉक प्रमुखों के साथ बैठक करेंगे। वहीं शाम के समय मीडिया, सोशल मीडिया, आईटी विभाग और प्रदेश प्रवक्ताओं के साथ अलग से बैठक आयोजित की जाएगी। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन पहुंचकर गंगा आरती में शामिल होंगे तथा संत समाज के साथ संवाद करेंगे।
2027 चुनाव को लेकर रणनीति पर मंथन
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय पहुंचकर प्रदेश कोर कमेटी और मंत्रियों की बैठक भी ली। बैठक में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार जीत हासिल करने की रणनीति पर चर्चा हुई। इस दौरान पार्टी कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाने के साथ-साथ राज्य सरकार के चार वर्षों के दौरान लिए गए महत्वपूर्ण फैसलों और विकास कार्यों की सराहना की गई।
बैठक में संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक मजबूती, जनसंपर्क अभियान और सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने जैसे मुद्दों पर विशेष जोर दिया गया। पार्टी नेताओं ने आगामी चुनाव को देखते हुए संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने पर भी चर्चा की।
एयरपोर्ट से मुख्यालय तक हुआ भव्य स्वागत
जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया। एयरपोर्ट से लेकर भाजपा मुख्यालय तक विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया।
इस दौरान पारंपरिक परिधानों में सजी महिला कार्यकर्ताओं और युवाओं ने वाद्य यंत्रों की गूंज के बीच राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। जौलीग्रांट एयरपोर्ट, हिमालयन अस्पताल चौक, कैलाश हॉस्पिटल, रिस्पना पुल, चंचल डेयरी और फव्वारा चौक समेत कई स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए।
भाजपा नेतृत्व के प्रति जनता का अटूट विश्वास : धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि कार्यकर्ताओं का स्वतःस्फूर्त उत्साह यह दर्शाता है कि उत्तराखंड की जनता का भाजपा और उसके नेतृत्व के प्रति अटूट विश्वास है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन में उत्तराखंड भाजपा संगठन को नई दिशा मिलेगी और विकास योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प और अधिक मजबूत होगा।



