देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के लगातार दौरों के बाद अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी उत्तराखंड पहुंच गए हैं। लगातार हो रहे इन बड़े नेताओं के दौरे को भाजपा के चुनावी मिशन और संगठनात्मक मजबूती से जोड़कर देखा जा रहा है।
भाजपा के लिए उत्तराखंड राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण राज्य माना जाता है। पार्टी राज्य में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी कर जीत की हैट्रिक लगाने की तैयारी में जुटी है। यही वजह है कि केंद्र से लेकर संगठन तक के बड़े नेताओं का फोकस देवभूमि पर बना हुआ है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि बड़े नेताओं के लगातार दौरे से कार्यकर्ताओं में उत्साह और ऊर्जा का संचार हो रहा है।
पिछले कुछ महीनों में बढ़ी राजनीतिक सक्रियता
यदि पिछले वर्ष नवंबर से राजनीतिक गतिविधियों पर नजर डालें तो भाजपा नेतृत्व लगातार उत्तराखंड में सक्रिय दिखाई दिया है। राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे होने पर आयोजित रजत जयंती समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देहरादून पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कई विकास योजनाओं की सौगात देने के साथ जनता को संबोधित भी किया था।
इसके बाद फरवरी महीने में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में भाजपा कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में आगामी चुनावी रणनीति और संगठन विस्तार को लेकर चर्चा की गई थी।
मार्च महीने में गृहमंत्री अमित शाह ने हरिद्वार में कार्यक्रम में हिस्सा लिया, जबकि रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने हल्द्वानी में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। इन दौरों के जरिए भाजपा ने राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में राजनीतिक और संगठनात्मक संदेश देने का प्रयास किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने किया एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन
14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देहरादून में आयोजित भव्य कार्यक्रम में देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की विकास योजनाओं और उत्तराखंड के लिए किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया।
इसी कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी भी मौजूद रहे। उन्होंने अपने मंत्रालय से जुड़ी कई परियोजनाओं की जानकारी साझा की और राज्य में सड़क कनेक्टिविटी को लेकर केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख किया।
बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की तैयारी
अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन उत्तराखंड पहुंचे हैं। उनके दौरे को आगामी विधानसभा चुनावों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अपने दौरे के दौरान वे भाजपा कोर कमेटी, कैबिनेट मंत्रियों, सांसदों और विधायकों के साथ बैठक करेंगे। इसके अलावा संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं से संवाद भी करेंगे।
भाजपा का फोकस इस बार “बूथ जीतों, चुनाव जीतों” मंत्र पर है। पार्टी संगठन बूथ स्तर की कमजोरियों को दूर करने और मजबूत क्षेत्रों को और अधिक सुदृढ़ करने में जुटा हुआ है। राष्ट्रीय अध्यक्ष कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति और संगठन विस्तार को लेकर मार्गदर्शन भी देंगे।
मंत्रिमंडल विस्तार और दायित्वधारियों के जरिए साधे समीकरण
हाल के महीनों में प्रदेश मंत्रिमंडल का विस्तार भी किया गया। इसके जरिए भाजपा ने विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक समीकरणों को साधने का प्रयास किया है। इसके साथ ही पार्टी ने करीब 80 नए दायित्वधारियों की नियुक्ति की है।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, इन नियुक्तियों के जरिए भाजपा ने संगठन और कार्यकर्ताओं को संतुलित संदेश देने की कोशिश की है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि चुनाव से पहले संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखना जीत की रणनीति का अहम हिस्सा है।



