देहरादून में भाजपा कोर कमेटी की बैठक शुरू, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत सीएम धामी और शीर्ष नेतृत्व मौजूद

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे के तहत गुरुवार को भाजपा की महत्वपूर्ण कोर कमेटी की बैठक देहरादून में शुरू हो गई। आगामी चुनावों और संगठनात्मक गतिविधियों को देखते हुए इस दौरे को बेहद अहम माना जा रहा है। अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का यह पहला उत्तराखंड दौरा है, जिसको लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

देहरादून पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का पारंपरिक अंदाज में भव्य स्वागत किया। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ढोल-दमाऊ और फूल-मालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया।

एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश कार्यालय तक कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर उन्हें पहाड़ी टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया। इसके बाद उन्होंने भाजपा कोर कमेटी की बैठक में हिस्सा लिया।

बैठक में संगठन को मजबूत करने, आगामी चुनावी रणनीति, बूथ स्तर तक पार्टी की सक्रियता बढ़ाने और प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा की जा रही है। पार्टी सूत्रों के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा के साथ ही आगामी कार्यक्रमों को लेकर दिशा-निर्देश भी देंगे।

कोर कमेटी की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के अलावा भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा सहित सभी सांसद और वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद हैं।

भाजपा का यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अपने दौरे के दौरान प्रदेश पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और संगठन के विभिन्न स्तरों के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगामी रणनीति को लेकर मार्गदर्शन देंगे।

Previous articleदेहरादून पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, ढोल-दमाऊ और फूल-मालाओं के साथ कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
Next articleउत्तराखंड चुनावी तैयारियों में जुटी कांग्रेस, ज्योति रौतेला ने प्रियंका गांधी से की मुलाकात