ऋषिकेश। दोस्तों के साथ घूमने आए देहरादून निवासी एक किशोर के गंगा नदी में बहकर लापता होने की दुखद घटना सामने आई है। हादसा उस समय हुआ जब किशोर त्रिवेणी घाट पर अपने दोस्तों के साथ स्नान कर रहा था। बताया जा रहा है कि स्नान के दौरान उसका चश्मा गंगा में गिर गया, जिसे पकड़ने के प्रयास में वह गहरे पानी की ओर चला गया और तेज धारा की चपेट में आ गया।
जानकारी के अनुसार, चार किशोर अपने घरों से मंदिर जाने की बात कहकर ऋषिकेश पहुंचे थे। सभी दोस्त त्रिवेणी घाट पर गंगा स्नान कर रहे थे। इसी दौरान एक किशोर का चश्मा नदी में गिर गया। चश्मा पकड़ने की कोशिश में वह आगे बढ़ता चला गया और अचानक गंगा की तेज धारा में बहने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ दूरी तक बहने के बाद किशोर पानी में डूब गया।
घटना होते ही घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घाट पर तैनात रेस्क्यू कर्मियों ने आवाज सुनते ही तत्काल गंगा में छलांग लगाकर किशोर को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह तेज बहाव में ओझल हो चुका था।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ ढालवाला की डीप डाइविंग टीम मौके पर पहुंची और नदी में सघन सर्च अभियान शुरू किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास कई घंटों तक तलाशी अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक किशोर का कोई सुराग नहीं लग पाया। अधिकारियों के अनुसार, गंगा नदी का बहाव अत्यधिक तेज होने के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
लापता किशोर की पहचान आयुष थापा (17) पुत्र सुनील थापा निवासी ओल्ड कनॉट प्लेस, चकराता रोड, देहरादून के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीम लगातार किशोर की तलाश में जुटी हुई है।



