देहरादून। उत्तराखंड की धामी सरकार प्रदेश की नौकरशाही में बड़े स्तर पर फेरबदल की तैयारी में जुट गई है। शासन स्तर पर कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के विभागों में बदलाव किए जाने की संभावना है, वहीं कई जिलों में जिलाधिकारियों (DM) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (SSP) के तबादले भी जल्द हो सकते हैं। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए सरकार प्रशासनिक व्यवस्था को नए सिरे से मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, शासन में लंबे समय से एक ही विभाग संभाल रहे कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली जा सकती हैं। सरकार प्रशासनिक कार्यप्रणाली में तेजी और बेहतर समन्वय लाने के उद्देश्य से यह बदलाव करने जा रही है। माना जा रहा है कि कुछ महत्वपूर्ण विभागों में नए अधिकारियों की तैनाती कर सरकार नई कार्यशैली के साथ काम करना चाहती है।
इस बीच सचिव स्वास्थ्य सचिन कुर्वे के चेन्नई पोर्ट अथॉरिटी का चेयरपर्सन नियुक्त होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में भी बड़ा बदलाव तय माना जा रहा है। उनके जल्द ही उत्तराखंड से रिलीव होने की संभावना है। ऐसे में राज्य के सबसे महत्वपूर्ण विभागों में शामिल स्वास्थ्य महकमे की जिम्मेदारी किसी अन्य वरिष्ठ अधिकारी को सौंपी जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग के अलावा वित्त, ऊर्जा, लोक निर्माण, शिक्षा और गृह जैसे अहम विभागों में भी फेरबदल की चर्चाएं तेज हैं। शासन स्तर पर अधिकारियों के कामकाज और आगामी चुनावी रणनीति को ध्यान में रखते हुए पूरी प्रशासनिक व्यवस्था का पुनर्गठन किया जा सकता है।
वहीं जिलों में भी प्रशासनिक बदलाव की तैयारी है। कई जिलाधिकारी आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा कर रहे हैं। निर्वाचन संबंधी नियमों और प्रशासनिक आवश्यकताओं को देखते हुए ऐसे अधिकारियों के तबादले तय माने जा रहे हैं। इसके साथ ही कई जिलों के एसएसपी स्तर पर भी बदलाव संभव है।
सूत्रों का कहना है कि सरकार जल्द ही तबादलों की सूची जारी कर सकती है। माना जा रहा है कि इस फेरबदल के जरिए सरकार प्रशासनिक मशीनरी को अधिक सक्रिय और चुनावी तैयारियों के अनुरूप बनाना चाहती है।



