रुड़की। नंदा देवी एक्सप्रेस ट्रेन से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई नवविवाहिता प्रज्ञा सिंह को पुलिस ने बिहार के बेगूसराय से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि ट्रेन यात्रा के दौरान पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था, जिसके बाद प्रज्ञा गुस्से में ट्रेन की दूसरी बोगी में चली गई और बाद में अपने परिचित के यहां बेगूसराय पहुंच गई।
पुलिस के अनुसार, पांच मई को कानपुर के नौबस्ता निवासी मनीष अग्रहरि अपनी पत्नी प्रज्ञा सिंह के साथ नंदा देवी एक्सप्रेस ट्रेन में सफर कर रहे थे। यात्रा के दौरान अचानक प्रज्ञा लापता हो गई। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई पता नहीं चल सका तो मनीष ने लक्सर कोतवाली में पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गुमशुदगी के केस को अपहरण की धाराओं में तरमीम कर जांच शुरू कर दी। लक्सर कोतवाली पुलिस की टीम लगातार महिला की तलाश में जुटी रही। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि महिला बिहार के बेगूसराय में मौजूद है।
सूचना मिलने के बाद चौकी प्रभारी विपिन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम को बेगूसराय भेजा गया। टीम ने वहां से प्रज्ञा सिंह को सकुशल बरामद कर लिया और उन्हें परिजनों के साथ लक्सर कोतवाली लाया गया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि महिला के बयान दर्ज किए गए हैं। पूछताछ में प्रज्ञा ने बताया कि ट्रेन में सफर के दौरान पति के साथ कहासुनी हो गई थी। इसी नाराजगी में वह दूसरी बोगी में चली गई और बाद में अपना मोबाइल फोन बंद कर सिम कार्ड निकालकर फेंक दिया।
उन्होंने बताया कि इसके बाद वह बेगूसराय स्थित अपने एक परिचित के घर चली गई थीं। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई और बयान दर्ज करने के बाद महिला को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।



