टिहरी में दर्दनाक सड़क हादसा, 8 लोगों की मौके पर मौत
उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार में अंत्येष्टि में शामिल होकर घनसाली लौट रहे लोगों का वाहन चंबा-कोटी कॉलोनी मोटर मार्ग पर नैल गांव के पास अनियंत्रित होकर लगभग 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। इस दर्दनाक हादसे में वाहन में सवार 10 लोगों में से 8 की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
अंत्येष्टि से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, भिलंगना ब्लॉक के नैलचामी क्षेत्र के चकरेड़ा गांव से 10 लोग हरिद्वार में एक अंत्येष्टि कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। गुरुवार दोपहर करीब 2:15 बजे जब सभी लोग वापस लौट रहे थे, तभी नैल गांव के पास तीखे मोड़ पर वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में गिर गया।
राहत-बचाव कार्य में जुटी पुलिस और SDRF
घटना की सूचना मिलते ही चंबा थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। बचाव दल ने खाई में उतरकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद दो घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल बौराड़ी भेजा गया। वहीं, आठ लोगों को मृत घोषित किया गया।
प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, विधायक किशोर उपाध्याय, एसएसपी श्वेता चौबे और सीएमओ डॉ. श्याम विजय मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया। अधिकारियों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के निर्देश दिए।
घायलों की हालत
एसएसपी के अनुसार, घायलों में
- उत्तम कुमार (36), निवासी लोस्तू बडियारगढ़, कीर्तिनगर
- अंकित लाल (22), निवासी ठेला नैलचामी, भिलंगना
को जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती कराया गया है। सीएमएस डॉ. अमित राय ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद अंकित लाल को हायर सेंटर रेफर किया गया है, जबकि उत्तम कुमार की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
दुर्घटना का कारण स्पष्ट नहीं
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा स्थल पर तीखा मोड़ और खतरनाक ढलान है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीएम मोदी ने जताया दुख, मुआवजे का एलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि टिहरी गढ़वाल में हुई दुर्घटना अत्यंत दुखद है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।
मृतकों की सूची
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान इस प्रकार है:
- आशा लाल (40), निवासी ठेला नैलचामी
- विजय लाल (36), निवासी ठेला नैलचामी
- प्रेमलाल (60), निवासी चकरेड़ा, घनसाली
- महावीर (60), निवासी चकरेड़ा, घनसाली
- शिव सिंह (35), वाहन चालक, निवासी होल्टा, घनसाली
- सोहन लाल (65), निवासी चकरेड़ा, घनसाली
- लक्ष्मण (65), निवासी चांजी, घनसाली
- एक व्यक्ति की शिनाख्त नहीं हो पाई
क्षेत्र में शोक की लहर
इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। एक ही इलाके के कई लोगों की एक साथ मौत से गांवों में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधि पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देने की बात कह रहे हैं।



