ऋषिकेश में दर्दनाक हादसा: बेकाबू कार की चपेट में आया दो साल का मासूम, मौके पर मौत से परिवार में मचा कोहराम

ऋषिकेश: बेकाबू कार ने दो साल के बच्चे को कुचला, मौके पर हुई मौत

ऋषिकेश क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो साल के मासूम की जान चली गई। गूलरघाटी-नकरौंदा मार्ग पर भद्रकाली माता मंदिर के पास तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं परिवार में कोहराम मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे हर्रावाला पुलिस चौकी क्षेत्र के गूलरघाटी स्थित माता भद्रकाली मंदिर के पास हुआ। बताया जा रहा है कि एक कार गूलरघाटी क्षेत्र में कुछ सवारियों को लेने पहुंची थी। सवारियों को बैठाने के बाद जैसे ही कार चालक वाहन को सड़क पर लेकर आया, तभी अचानक सड़क पर खेल रहा दो साल का बच्चा कार की चपेट में आ गया।

मौके पर ही हुई मासूम की मौत

कार से कुचलने के कारण बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर हर्रावाला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई।

हर्रावाला पुलिस चौकी प्रभारी विजय थपलियाल ने बताया कि हादसे में मृत बच्चे की पहचान प्रवीण (2 वर्ष) पुत्र रामलाल के रूप में हुई है। परिवार मूल रूप से बिहार का निवासी है और वर्तमान में गूलरघाटी क्षेत्र में रह रहा था।

चालक को नहीं दिखाई दिया बच्चा

पुलिस के अनुसार कार चालक को सड़क पर अचानक आया बच्चा दिखाई नहीं दिया, जिसके कारण यह हादसा हो गया। घटना के बाद चालक भी काफी घबरा गया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

बताया जा रहा है कि मृतक बच्चे की मां दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती है। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अभी तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Previous articleकोटद्वार में अवैध खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, खोह नदी से पांच ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज
Next articleDehradun Cyber Fraud: ऑनलाइन गेमिंग के चक्कर में युवक से 1.77 करोड़ की ठगी, पिता को मुआवजे में मिले थे पैसे