देहरादून: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने आगामी भर्ती परीक्षाओं को लेकर बड़े बदलावों की घोषणा की है। आयोग अब परीक्षाओं में पारदर्शिता बढ़ाने और नकल रोकने के लिए अत्याधुनिक तकनीक का सहारा लेगा। अब आवेदन के लिए आधार कार्ड अनिवार्य कर दिया गया है, साथ ही परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों की हथेली और आंखों की रेटिना भी स्कैन की जाएगी।
1737 नए पदों पर भर्ती की तैयारी
आयोग के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया ने बताया कि वर्तमान में लगभग 3500 पदों पर चयन प्रक्रिया गतिमान है। इस वित्तीय वर्ष में समूह-ग के 1100 पदों का विज्ञापन पहले ही जारी किया जा चुका है, जबकि 1737 अन्य रिक्त पदों के लिए भर्ती विज्ञापन निकालने की प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में है।
AI और बायोमीट्रिक्स से होगी कड़ी निगरानी
परीक्षाओं को फुलप्रूफ बनाने के लिए आयोग ने ‘हाई-टेक’ सुरक्षा घेरा तैयार किया है:
-
डुप्लीकेसी पर लगाम: आवेदन पत्रों में होने वाली गड़बड़ी और एक ही अभ्यर्थी द्वारा कई आवेदन रोकने के लिए आधार लिंक करना जरूरी होगा।
-
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI): परीक्षा हॉल में अभ्यर्थियों की हर गतिविधि पर AI और लाइव CCTV के जरिए नजर रखी जाएगी।
-
एडवांस बायोमीट्रिक: अब उपस्थिति केवल कागजों तक सीमित नहीं रहेगी। पहचान सुनिश्चित करने के लिए ‘पाम स्कैन’ (हथेली) और ‘रेटिना स्कैन’ अनिवार्य होगा।
खुद का परीक्षा भवन और कंप्यूटर लैब
आयोग के सचिव डॉ. शिव कुमार बरनवाल के अनुसार, चयन प्रक्रिया की गुणवत्ता सुधारने के लिए संयुक्त पात्रता परीक्षा (CET) आयोजित करने की योजना है। इसके अलावा:
-
हर जिले में आदर्श परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे।
-
कम अभ्यर्थियों वाली परीक्षाओं के लिए आयोग अपना स्वयं का कंप्यूटर लैब और परीक्षा भवन स्थापित कर रहा है, ताकि बाहरी केंद्रों पर निर्भरता कम हो सके।
अब व्हाट्सएप पर मिलेगी हर अपडेट
अभ्यर्थियों की सहूलियत के लिए आयोग ने IVR तकनीक और हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। अब उम्मीदवार घर बैठे अपने आवेदन की स्थिति, एडमिट कार्ड और परीक्षा की तारीखों की जानकारी ले सकते हैं:
-
टोल-फ्री नंबर: 9520991172
-
व्हाट्सएप नंबर: 9520991174
आयोग की उपलब्धि: बीते तीन वर्षों में UKSSSC ने रिकॉर्ड 72 प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से 7092 पदों पर चयन प्रक्रिया पूरी कर विभिन्न विभागों को नियुक्तियों की संस्तुति भेजी है।



