Jolly Grant (जौलीग्रांट) समाचार:
जौलीग्रांट के थानो थाना क्षेत्र में हनुमान चालीसा पाठ को लेकर शुक्रवार को स्थिति तनावपूर्ण हो गई। थानो क्षेत्र में स्थित एक मस्जिद के सामने बने मंदिर में हनुमान चालीसा पढ़ने की मांग को लेकर विभिन्न हिंदू संगठनों के लोग अड़े रहे। हालात बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया और थानो चौक पर बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया।
हिंदू संगठनों का आरोप है कि थानो क्षेत्र में स्थित मस्जिद पूरी तरह से अवैध है और उसका नक्शा संबंधित प्राधिकरण से पास नहीं कराया गया है। संगठनों का यह भी कहना है कि मस्जिद परिसर में संचालित मदरसा न तो वक्फ बोर्ड में पंजीकृत है और न ही उत्तराखंड सरकार के अभिलेखों में दर्ज है। स्थानीय लोगों द्वारा पहले भी इस कथित अवैध मस्जिद की शिकायत प्रशासन और एमडीडीए (मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण) से की गई थी, जिसके बाद प्रशासन ने पुलिस की मौजूदगी में मस्जिद के एक हिस्से को सील कर दिया था।
शुक्रवार को हिंदू संगठनों के लोग मस्जिद के पास स्थित मंदिर में हनुमान चालीसा पाठ करने की मांग को लेकर एकत्र हुए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एहतियातन कदम उठाते हुए प्रदर्शनकारियों को थानो चौक पर ही रोक दिया और स्पष्ट किया कि मस्जिद के समीप धार्मिक पाठ से क्षेत्र में शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए किसी भी तरह की गतिविधि से कानून-व्यवस्था बिगड़ सकती है, इसलिए फिलहाल सभी से संयम बरतने की अपील की जा रही है। उधर, हिंदू संगठनों के लोग थानो चौक पर बैठकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और मंदिर में हनुमान चालीसा पाठ की अनुमति देने की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।



