रुद्रप्रयाग।
जनपद रुद्रप्रयाग के अंतर्गत तहसील ऊखीमठ क्षेत्र के ग्राम पठाली में दिनदहाड़े भालू के हमले से इलाके में दहशत फैल गई। इस हमले में ग्राम प्रधान की पत्नी रामेश्वरी देवी (55) घायल हो गईं, हालांकि उनकी सूझबूझ और साहस से उनकी जान बच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पठाली निवासी एवं ग्राम प्रधान मनबर सिंह नेगी की पत्नी रामेश्वरी देवी मंगलवार सुबह करीब साढ़े दस बजे अपने आवासीय मकान से लगभग 500 मीटर दूर एरेठी सुबदा नामक तोक में घास लेने गई थीं। इसी दौरान अचानक जंगल की ओर से आए भालू ने उन पर हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले के बावजूद रामेश्वरी देवी ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने अपने हाथ में मौजूद दरांती से भालू पर प्रहार कर आत्मरक्षा की। संघर्ष के दौरान वह खेत से नीचे की ओर लुढ़क गईं और शोर मचाते हुए किसी तरह जान बचाकर भागीं। महिला की चीख-पुकार सुनकर उनके पति मनबर सिंह नेगी भी घर से घटनास्थल की ओर दौड़े। तब तक रामेश्वरी देवी आधे रास्ते तक पहुंच चुकी थीं। इसी बीच भालू मौके से जंगल की ओर भाग गया।
इस हमले में रामेश्वरी देवी के दाहिने हाथ पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों में भी हल्की चोटें बताई जा रही हैं। ग्रामीणों की मदद से उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
घटना के बाद गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और भालू की गतिविधियों पर निगरानी रखने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से लोगों को सुरक्षित रखा जा सके।



