अरुणाचल प्रदेश में मातृभूमि की रक्षा करते हुए उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद के वीर सपूत हवलदार रविन्द्र सिंह (36) शहीद हो गए। वे 15 गढ़वाल राइफल्स में तैनात थे और अरुणाचल प्रदेश के अलोंग क्षेत्र में देश सेवा के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए। उनके शहीद होने की खबर से पूरे जनपद समेत दशज्यूला क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
शहीद हवलदार रविन्द्र सिंह मूल रूप से रुद्रप्रयाग जनपद के दशज्यूला क्षेत्र स्थित आगर गांव के निवासी थे। वे अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी को छोड़ गए हैं। परिवार पर इस दुखद घटना का गहरा आघात पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, शहीद जवान का पार्थिव शरीर सोमवार देर रात रुद्रप्रयाग स्थित आर्मी कैंप लाया गया। इसके बाद मंगलवार, 20 जनवरी को सुबह सात बजे सैन्य सम्मान के साथ पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए उनके पैतृक गांव आगर, दशज्यूला ले जाया जाएगा। वहां से रुद्रप्रयाग संगम पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
ग्राम प्रधान आगर चन्द्रकला देवी ने शहीद के बलिदान पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। उन्होंने कहा कि रविन्द्र सिंह का बलिदान सदैव याद रखा जाएगा। सामाजिक कार्यकर्ता पंकज सिंह ने बताया कि शहीद रविन्द्र सिंह वर्ष 2008 में 15 गढ़वाल राइफल्स में भर्ती हुए थे और अपने सौम्य व्यवहार व मिलनसार स्वभाव के कारण गांव में सभी के प्रिय थे।
वहीं, जिला पंचायत सदस्य सारी जयवर्धन कांडपाल सहित कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने शहीद जवान के बलिदान को नमन करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। पूरे क्षेत्र में शहीद को श्रद्धांजलि देने के लिए लोगों का तांता लगा हुआ है और हर आंख नम है।



