साले की मोहब्बत का खौफनाक अंजाम: एटा में पंचायत से पहले जीजा की चाकू गोदकर हत्या, भाई गंभीर घायल; Video

उत्तर प्रदेश के एटा जिले में प्रेम विवाह को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद ने रविवार को खूनी रूप ले लिया। मानपुर स्थित कांशीराम कॉलोनी में पंचायत से ठीक पहले लड़की के परिजनों ने युवक के घर पर हमला कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे युवक के बहनोई की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और गुस्साए परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस के बाहर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया।

प्रेम विवाह से नाराज़ था लड़की का परिवार
कांशीराम कॉलोनी निवासी अर्जुन ने कुछ माह पहले गौरी से प्रेम विवाह किया था। यह शादी गौरी के पिता रामू को कतई मंजूर नहीं थी। शादी के बाद से ही दोनों परिवारों के बीच तनाव बना हुआ था। अर्जुन का आरोप है कि ससुराल पक्ष लगातार उसे और उसके परिवार को परेशान कर रहा था, गाली-गलौज कर रहा था और विवाद बढ़ता जा रहा था।

दरगाह पर होनी थी पंचायत, उससे पहले हुआ हमला
विवाद को सुलझाने के लिए रविवार को एआरटीओ कार्यालय के पास स्थित एक दरगाह पर पंचायत तय की गई थी। अर्जुन और उसके परिवार के अधिकांश लोग पंचायत में शामिल होने गए हुए थे। इसी दौरान कॉलोनी में मौजूद रामू के घर के लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और ईंट-पत्थर फेंकने लगे। हालात बिगड़ते देख कॉलोनी में ही रहने वाले अर्जुन के बहनोई साहिबा (35) उन्हें समझाने पहुंचे।

बहनोई की चाकू से गोदकर हत्या, भाई भी घायल
आरोप है कि समझाने के दौरान ही ससुराल पक्ष के लोगों ने साहिबा पर चाकू और लोहे की सरिया से हमला कर दिया। साहिबा की चीख-पुकार सुनकर उनका भाई सुरजीत बचाने के लिए दौड़ा तो हमलावरों ने उस पर भी चाकुओं से वार कर दिए। आसपास के लोग जब मदद के लिए पहुंचे तो आरोपी कॉलोनी की छतों के रास्ते फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल साहिबा और सुरजीत को तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने साहिबा को मृत घोषित कर दिया, जबकि सुरजीत का इलाज जारी है।

शव रखकर किया सड़क जाम, पुलिस ने समझाकर खुलवाया
हत्या की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और परिचित पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने साहिबा का शव जीटी रोड पर रखकर जाम लगा दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया और शव को मोर्चरी भिजवाया।

एफआईआर दर्ज, एक आरोपी गिरफ्तार
मृतक के परिजन राजा की तहरीर पर रामू और उसके भतीजे अमन के खिलाफ कोतवाली देहात थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रामू के भतीजे अमन को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस का बयान
अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय ने बताया कि जैथरा निवासी रामू वर्तमान में कांशीराम कॉलोनी में रह रहा था। उसकी बेटी ने अर्जुन से प्रेम विवाह किया था, जिसे लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से विवाद चल रहा था। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है।

Previous article‘अगर लव जिहाद है तो संसद में बहस क्यों नहीं?’ RSS प्रमुख के बयान पर ओवैसी का तीखा सवाल
Next articleनंदादेवी राजजात यात्रा 2026 की तैयारियां तेज: 26 पड़ावों पर अधिकारियों की तैनाती, डीएम ने दिए व्यापक दिशा-निर्देश