100वां संस्करणः सीएम समेत करीब दस लाख लोगों ने सुनी पीएम मोदी की मन की बात

देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात के 100वें एपिसोड प्रसारण पर उत्‍तराखंड में भव्‍य आयोजन किया गया। राज्‍यभर में आयोजित कार्यक्रमों सामूहिक रूप से लोगों और स्‍कूली बच्‍चों ने मन की बात कार्यक्रम को सुना।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का 100वां संस्करण रविवार को प्रसारित हुआ। पीएम के मन की बात को उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत करीब दस लाख लोगों ने सुना। स्कूली छात्रों व आम जनता में भी मन की बात सुनने को लेकर उत्साह नजर आया। चैखुटिया में महिलाओं ने गेहूं की कटाई व मढ़ाई करते हुए खेतों में पीएम की मन की बात को सुना। वहीं, यमुनोत्री धाम से लगे मां यमुना के मायके खरशालीगांव में स्थित मां यमुना मंदिर परिसर में मन की बात कार्यक्रम आयोजित किया गया।  जिसमें स्थानीय लोगों के साथ साथ चारधाम यात्रा पर यमुनोत्री धाम आए श्रद्धालुओं ने भी मन की बात सुनी।  

इसी क्रम में नैनीताल शहर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आधे घंटे तक चले प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना। भारी संख्या में जनता और स्कूली बच्चे भी मौजूद रहे। सीएम धामी ने कहा कि पीएम मोदी की मन की बात केवल मन की बात ही नहीं है। यह जन जन की बात है। इससे लोगों का उत्साह बढ़ा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि तीन अक्तूर 2014 को मन की बात कार्यक्रम शुरू हुआ था।आज इस ऐतिहासिक कार्यक्रम को समाज के प्रत्येक वर्ग, प्रतिष्ठित व्यक्तियों, शीर्ष धर्माचार्यों व चर्चित हस्तियों के साथ ऐतिहासिक एवं व्यापक बनाया।

Previous articleयुवक की गोली मारकर हत्या से क्षेत्र में सनसनी
Next articleभूस्खलन होने से बदरीनाथ हाई-वे बंद, यात्रा प्रभावित