हरिद्वार: उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में फिर पकड़े गए फर्जी अभ्यर्थी, दूसरों की जगह परीक्षा दे रही थीं दो युवतियां
उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाओं के दौरान नकल और फर्जी अभ्यर्थियों के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला हरिद्वार जिले के बहादराबाद ब्लॉक से सामने आया है, जहां राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सोहलपुर परीक्षा केंद्र पर दो युवतियां दूसरों की जगह परीक्षा देते हुए पकड़ी गईं। मामले के सामने आने के बाद परीक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार शनिवार को उक्त परीक्षा केंद्र पर गृह विज्ञान विषय की बोर्ड परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा सुबह 10 बजे शुरू हुई। परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षकों द्वारा नियमित जांच के तहत परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्रों का सत्यापन किया जा रहा था। इसी दौरान व्यक्तिगत परीक्षार्थी के रूप में परीक्षा दे रही दो छात्राओं की गतिविधियां संदिग्ध लगीं।
जब दोनों के प्रवेश पत्रों की गहन जांच की गई तो वे फर्जी पाए गए। इसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों की उत्तर पुस्तिकाएं सील कर जब्त कर ली गईं और गोपनीय अनुभाग को भेज दी गईं।
जांच में सामने आया कि जिन छात्राओं की जगह परीक्षा दी जा रही थी, वे हरिद्वार स्थित वर्णिका लालयान इंटर कॉलेज, हददीपुर में पंजीकृत हैं। सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले का निरीक्षण किया।
केंद्र व्यवस्थापक चंद्रभान ने इस संबंध में संबंधित थाने में तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी राजकीय इंटर कॉलेज सलेमपुर परीक्षा केंद्र पर आठ फर्जी अभ्यर्थी पकड़े जा चुके हैं। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों से बोर्ड परीक्षा की निष्पक्षता पर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।
विभागीय अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापक को आगामी परीक्षाओं में सख्ती बरतने और पहचान सत्यापन प्रक्रिया को और मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। वहीं शिक्षा विभाग ने संकेत दिए हैं कि परीक्षा केंद्रों पर निगरानी और कड़ी की जाएगी ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।



