विकासनगर: खनन डंपरों ने मवेशियों को रौंदा, पांच भैंसों की मौत, तीन भैंस और एक गाय गंभीर घायल
देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र में तेज रफ्तार खनन डंपरों का कहर देखने को मिला, जहां सड़क पर जा रहे मवेशियों को दो डंपरों ने टक्कर मारकर रौंद दिया। इस दर्दनाक हादसे में पांच भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन भैंस और एक गाय गंभीर रूप से घायल हो गईं। पशुपालक हादसे में बाल-बाल बच गया, लेकिन घटना से उसकी आजीविका पर गहरा संकट खड़ा हो गया है।
जानकारी के अनुसार, कल्याणपुर निवासी वन गुर्जर यूसुफ अपने 15 मवेशियों को हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब से वापस अपने डेरे की ओर लेकर आ रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे जब वह बल्लूपुर–पांवटा फोरलेन हाईवे पर आदूवाला स्थित मित्रा ढाबा के पास पहुंचे, तभी धर्मावाला की ओर से तेज गति से आ रहे दो खनन डंपरों ने मवेशियों को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पांच भैंसों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चार अन्य मवेशी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के दौरान पशुपालक यूसुफ भी डंपरों की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।
घटना की सूचना मिलते ही हरबर्टपुर चौकी से पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। कोतवाली प्रभारी विनोद सिंह गुसाईं ने बताया कि हादसे में पांच भैंसों की मौत हो चुकी थी, जबकि तीन भैंस और एक गाय घायल अवस्था में मिलीं। शीशमबाड़ा से पशु चिकित्सकों की टीम को मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने प्राथमिक उपचार के बाद घायल पशुओं को इलाज के लिए गोसदन भिजवाया।
पुलिस ने दोनों खनन डंपरों को कब्जे में लेकर चौकी में खड़ा करवा दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पशुपालक की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं पशुपालक यूसुफ ने बताया कि मवेशी ही उनकी आजीविका का एकमात्र साधन हैं। एक साथ पांच मवेशियों की मौत और चार के घायल होने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है, जिससे उनके परिवार की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है।



