विकासनगर क्षेत्र के सहसपुर अंतर्गत भदराज ट्रेकिंग रूट पर ट्रेकिंग के लिए गए दस युवक अंधेरा होने के बाद जंगल में रास्ता भटक गए। जंगल में फंसने की सूचना मिलते ही दून पुलिस तत्काल हरकत में आई और देर रात सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार, सभी युवक सहसपुर क्षेत्र के भदराज ट्रेकिंग रूट पर ट्रेकिंग के लिए गए थे। शाम ढलने के बाद अंधेरा बढ़ने पर वे अपने निर्धारित ट्रेकिंग मार्ग से भटक गए और जंगल के अंदर फंस गए। स्थिति बिगड़ती देख युवकों द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से मदद की सूचना दी गई, जिसके बाद रात में ही थाना सहसपुर को मामले की जानकारी प्राप्त हुई।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक सहसपुर ने बिना देरी किए राहत एवं बचाव उपकरणों के साथ पुलिस टीम को भदराज ट्रेकिंग रूट की ओर रवाना किया। पुलिस टीम ने कोटी पहुंचकर वन विभाग के वीट अधिकारी तथा स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने कोटी गांव से लगभग तीन किलोमीटर ऊपर जंगल में फंसे सभी दस युवकों को देर रात सकुशल खोज निकाला। रेस्क्यू के बाद सभी युवकों को सुरक्षित स्थान पर लाया गया और उनकी स्थिति सामान्य पाए जाने पर उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
दून पुलिस की तत्परता और स्थानीय लोगों के सहयोग से एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस प्रशासन ने ट्रेकिंग पर जाने वाले युवाओं से अपील की है कि वे मौसम, समय और मार्ग की पूरी जानकारी लेकर ही ट्रेकिंग करें तथा अंधेरा होने से पहले सुरक्षित लौटना सुनिश्चित करें।



