Uttarkashi News: गंगोत्री धाम में बम निरोधक दस्ते की सघन तलाशी, श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के बीच सुरक्षा हाई अलर्ट पर

उत्तरकाशी। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए गंगोत्री धाम में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। इसी क्रम में सोमवार को बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) ने गंगोत्री धाम में व्यापक तलाशी अभियान चलाया।

तलाशी अभियान के दौरान धाम परिसर, स्नान घाट, पार्किंग स्थल, प्रतीक्षालय सहित आसपास के संवेदनशील इलाकों की गहन जांच की गई। बीडीएस टीम ने मेटल डिटेक्टर और आधुनिक डिटेक्शन उपकरणों की मदद से हर संभावित खतरे को खंगाला, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी तरह की सुरक्षा चूक न हो सके।

प्रशासन द्वारा पूरे यात्रा मार्ग और प्रमुख पड़ावों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए लगातार नजर रखी जा रही है, जिससे हर गतिविधि पर पैनी निगरानी बनी रहे। इसके अलावा संदिग्ध और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन भी तेज कर दिया गया है।

धाम क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस बल के साथ एटीएस, बम निरोधक दस्ता, आपदा प्रबंधन टीम और अभिसूचना इकाइयों की तैनाती की गई है। सभी एजेंसियां समन्वय के साथ काम कर रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित किए जा रहे हैं।

Previous articleविकासनगर में बड़ी कार्रवाई: दो हिस्ट्रीशीटर छह माह के लिए जिला बदर, हिमाचल सीमा पर छोड़े गए
Next articleUttarakhand Weather Update: कई जिलों में आज भी खराब रहेगा मौसम, तेज बारिश-तूफान का ऑरेंज अलर्ट जारी