उत्तरकाशी। सोमवार सुबह उत्तरकाशी जिला न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर कोर्ट परिसर में बम और आरडीएक्स रखे होने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी भरे मेल में करीब 12 किलो आरडीएक्स बम लगाए जाने का दावा किया गया था। सूचना मिलते ही न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सुरक्षा एजेंसियां तत्काल हरकत में आ गईं।
पुलिस ने खाली कराया पूरा परिसर
ई-मेल की जानकारी मिलते ही न्यायालय प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद एसपी कमलेश उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और एहतियातन पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा दिया गया। कोर्ट रोड पर वाहनों की आवाजाही भी अस्थायी रूप से रोक दी गई।
भारी पुलिस बल के साथ अग्निशमन विभाग की टीम भी तैनात की गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
देहरादून से पहुंचा बम निरोधक दस्ता
मामले की गंभीरता को देखते हुए देहरादून से बम निरोधक दस्ता बुलाया गया। साथ ही एसटीएफ और खुफिया एजेंसियों ने भी मोर्चा संभालते हुए पूरे परिसर की सघन तलाशी ली। खोजबीन देर शाम तक जारी रही। हालांकि खबर लिखे जाने तक न्यायालय परिसर में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई थी।
नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज
एसपी कमलेश उपाध्याय ने बताया कि धमकी भरे ई-मेल के आधार पर नगर कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। ई-मेल किस स्थान और किस आईपी एड्रेस से भेजा गया, इसकी तकनीकी जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
न्यायिक कार्य प्रभावित
सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए न्यायालय की कार्यवाही प्रभावित रही। वादकारियों और अधिवक्ताओं को परिसर से बाहर निकाल दिया गया था। तलाशी अभियान पूरा होने के बाद ही स्थिति सामान्य हो पाई।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।



