उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को उत्तरकाशी जनपद के चिन्यालीसौड़ पहुंचे, जहां उन्होंने ‘जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार’ कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की जनता को संबोधित करते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं और प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं को साझा किया।
चारधाम यात्रा को बनाया जाएगा और सुगम
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा को और अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
उन्होंने कहा, “उत्तराखंड एक आपदा संभावित राज्य है। हमें समय-समय पर प्राकृतिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, लेकिन हमारी सरकार हर परिस्थिति में मजबूती से खड़ी है। हम हर आपदा से सीख लेते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर बना रहे हैं।”
चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी का संचालन सेना करेगी
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि चिन्यालीसौड़ एयरस्ट्रिप का संचालन सेना के माध्यम से कराया जाएगा, जिससे सामरिक दृष्टि से क्षेत्र को मजबूती मिलेगी और आपदा के समय त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि इससे सीमावर्ती और पर्वतीय क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बेहतर होगी और आपात स्थितियों में राहत सामग्री और बलों की आवाजाही आसान होगी।
जनता से सीधा संवाद
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों से संवाद भी किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
‘जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार’ कार्यक्रम के माध्यम से सरकार गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पारदर्शिता, विकास और जनभागीदारी के सिद्धांत पर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।



