उत्तराखंड में मार्च की शुरुआत में ही बढ़ी गर्मी, मैदान से पहाड़ तक तापमान में उछाल; 7 मार्च से बदल सकता है मौसम

उत्तराखंड में मार्च की शुरुआत में ही बढ़ी गर्मी, मैदान से पहाड़ तक तापमान में उछाल; 7 मार्च से बदल सकता है मौसम

देहरादून। उत्तराखंड में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी के तेवर देखने को मिल रहे हैं। मैदान से लेकर पहाड़ी क्षेत्रों तक तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। दिनभर चटक धूप खिलने से लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल कुछ दिन मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन 7 मार्च से एक बार फिर प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदल सकता है।

मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में 6 मार्च तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि शुष्क मौसम के कारण सामान्य तापमान में 6 से 7 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि देखी जा सकती है।

मार्च की शुरुआत में ही बढ़ा तापमान

प्रदेश में मार्च की शुरुआत इतनी गर्म शायद ही पहले कभी रही हो। लगातार धूप खिलने के कारण मैदान और पहाड़ दोनों ही इलाकों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है।

आंकड़ों पर नजर डालें तो बीते रविवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 6 डिग्री अधिक है। पिछले दस वर्षों के आंकड़ों में देखा जाए तो मार्च की शुरुआत में इतना अधिक तापमान पहले दर्ज नहीं हुआ था।

दस वर्षों में मार्च का तापमान

वर्ष दिनांक अधिकतम तापमान (°C)
2025 26 मार्च 29.0
2024 29 मार्च 27.7
2023 21 मार्च 29.8
2022 28 मार्च 25.7
2021 26 मार्च 31.8
2020 13 मार्च 29.2
2019 22 मार्च 26.2
2018 23 मार्च 29.5
2017 28 मार्च 28.4
2016 20 मार्च 28.5

इन आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2021 में 26 मार्च को देहरादून का अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो अब तक का सर्वाधिक रिकॉर्ड माना जाता है।

जलवायु परिवर्तन भी बना वजह

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बार मार्च की शुरुआत में ही बढ़ती गर्मी के पीछे जलवायु परिवर्तन और मौसम के बदले पैटर्न को बड़ी वजह माना जा रहा है। इसके अलावा जनवरी और फरवरी में अपेक्षित बारिश न होने के कारण भी तापमान में तेजी से बढ़ोतरी देखी जा रही है।

मौसम विभाग का मानना है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो इस साल मार्च का महीना गर्मी के नए रिकॉर्ड भी बना सकता है।

सात मार्च से बदल सकता है मौसम

हालांकि मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि 7 मार्च से प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम बदल सकता है। इस दौरान बादल छाने और कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना भी जताई जा रही है, जिससे तापमान में आंशिक गिरावट आ सकती है।

Previous articleदेहरादून में शादी के तीन महीने बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
Next articleSrinagar Garhwal: होली पर कीर्तिनगर में मारपीट से व्यापारियों में आक्रोश, बाजार बंद कर एसडीएम कार्यालय का किया घेराव